लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह मैहर पहुंचे, सपरिवार किए मां शारदा के दर्शन, प्रदेश की समृद्धि की कामना
मैहर, 29 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश सरकार के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह रविवार को सपरिवार मैहर स्थित त्रिकूट पर्वत पर विराजमान मां शारदा धाम पहुंचे। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनता के कल्याण की कामना की।
मंदिर पहुंचने पर मंत्री सिंह ने श्रद्धाभाव से माता रानी के दर्शन किए और विशेष पूजा संपन्न की। इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की खासी भीड़ देखने को मिली। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
दर्शन के बाद मंत्री राकेश सिंह ने मीडिया से बातचीत करते हुए शारदा लोक निर्माण परियोजना पर कहा कि वे इसकी विस्तृत जानकारी प्राप्त करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि इस परियोजना को लेकर कोई घोषणा हुई है, तो भाजपा सरकार उसे पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि परियोजना में यदि कोई अड़चन है, तो उसे जल्द दूर किया जाएगा।
5 राज्यों में भाजपा की जीत का दावा
आगामी पांच राज्यों में होने वाले चुनावों को लेकर मंत्री राकेश सिंह ने विश्वास जताया कि भारतीय जनता पार्टी ऐतिहासिक बहुमत के साथ जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, उनकी नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को देशभर में व्यापक समर्थन मिल रहा है, जो चुनाव परिणामों में साफ दिखाई देगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी