निर्माणाधीन कार्यों को समय पर पूर्ण कर जनप्रतिनिधियों से कराएं लोकार्पण : उप मुख्यमंत्री शुक्ल
जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक संपन्न, लिए गए आवश्यक निर्णय
शहडोल, 16 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं शहडोल जिले के प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ल की उपस्थिति में गुरुवार काे जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक कलेक्टर कार्यालय के विराट सभागार में आयोजित की गई। उप मुख्यमंत्री ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहडोल जिले में निर्माणाधीन कार्यों को गुणवत्ता के साथ तेजी से पूर्ण कर उनका लोकार्पण स्थानीय जन प्रतिनिधियों से कराए।
उप मुख्यमंत्री ने बैठक में विजयसोता पुल निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि पुल निर्माण कार्य को तेजी से करते हुए आगामी 31 अक्टूबर तक पूर्ण करें जिससे आमजन को लाभ मिल सकें। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनीमिया मुक्त भारत अभियान चलाया जा रहा है। एनीमिया मुक्त भारत अभियान के तहत शहडोल जिले के विद्यालयों में स्वास्थ्य शिविरो का आयोजन कर बालिकाओं का हीमोग्लोबिन,एनीमिया सहित अन्य स्वास्थ्य परीक्षण किए जाएं एवं आवश्यकता अनुसार उन्हें दवाइयां प्रदान करें। उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर की रोकथाम हेतु महिला बाल विकास, स्वास्थ्य विभाग, जनजातीय विभाग समन्वय स्थापित करते हुए मैदानी स्तर पर कार्यवाही करें एवं समय समय मॉनिटरिंग करना सुनिश्चित की जाएं।
उन्होंने कहा कि शहडोल जिले में 24 नए मेडिकल ऑफिसर नियुक्त किए गए हैं उनकी सेवाएं विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में ली जाए एवं कोई भी स्वास्थ्य केंद्र डॉक्टरविहीन न रहे यह सुनिश्चित करें। उप मुख्यमंत्री ने प्राप्त सुझावों के अनुसार बस स्टैंड से मेडिकल कॉलेज के सड़क मार्ग का चौड़ीकरण कराने एवं सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु मेडिकल चौराहे पर जक्शन प्रोजक्ट को शामिल करने हेतु प्रस्ताव भेजने एवं मेडिकल कॉलेज में सिकल सेल वार्ड बनाने, सोयाबीन की फसल क्षतिग्रस्त होने पर मुआवजा की राशि दिलाने के निर्देश भी दिए।
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने विकास सलाहकार समिति की बैठक में शहडोल से उमरिया सड़क मार्ग, हिरवार सिंचाई माइक्रो परियोजना, शहडोल नगर के सीवरेज प्रोजेक्ट, जल जीवन मिशन के कार्य सहित अन्य विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर कार्यों में प्रगति लाने की निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
बैठक में विधायक जयसिंह मरावी, मनीषा, कलेक्टर डॉ.केदार सिंह, पुलिस अधीक्षक संजय कुमार अग्रवाल, सदस्य जिला योजना समिति अमिता चपरा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शिवम प्रजापति सहित अन्य जनप्रतिनिधि अधिकारी एवं जिला विकास सलाहकार समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे