जनसुनवाई: पटाखा व्यवसाईयों ने स्थल बदलने, गर्भवती महिला की मौत पर सीएचओ के खिलाफ जांच की मांग
अनूपपुर, 03 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में मंगलवासर की जनसुनवाई में पटाखा व्यवसाईयों ने दुकानों का संचालन विसर्जन स्थल पर प्रस्तावित है जहां जहरीले जीवों से खतरा,स्वास्थ्य एवं अति गंभीर सुरक्षा समस्याओं बताते हुए पटाखा दुकान के स्थान परिवर्तन कर पॉलिटेक्निक कॉलेज मैदान के सामने करने की मांग की हैं। वहीं एक गर्भवती महिला की मौत के मामले में उसके पति ने सीएचओ के खिलाफ जांच और कार्रवाई की मांग की। साथ ही वाहन उपलब्ध कराने वाली फर्म ने करीब दो साल आठ महीने से अटके 1 लाख 90 हजार रुपए के भुगतान की गुहार लगाई।
कलेक्टर ने दोनों मामलों में सीएमएचओ को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। कलेक्टर रत्नाकर झा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 75 आवेदनों पर सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्यवाही कर आवेदकों को राहत पहुंचाने तथा समस्याओं का त्वरित एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए।
पटाखा व्यवसाईयों ने प्रस्तावित स्थल बदलने की मांग
पटाखा व्यवसाईयों ने बताया कि प्रस्तावित स्थल के समीप गंदा नाला होने तथा अत्यधिक झाड़ियों के कारण वहाँ सांप बिच्छू का निरंतर खतरा रहता है। पूर्व में विसर्जन के समय वहाँ एक व्यक्ति को बिच्छू द्वारा काटने की गंभीर घटना भी हो चुकी है, बुनियादी सुविधाओं के अभाव, गंदगी और गंदे नाले की भौगोलिक स्थिति के कारण वहाँ आने वाले ग्राहक, महिलाएं एवं बच्चे स्वयं को बिल्कुल भी सुरक्षित महसूस नहीं करते हैं। आवागमन हेतु सुगम रास्ता नहीं है और वर्तमान तहसील कार्यालय से विसर्जन स्थत महज 60 फिट दूरी हैं और तहसीत रिकॉर्ड रूम भी संचालित है जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है।
सीएचओ के खिलाफ जांच और कार्रवाई की मांग की
थानगांव निवासी खेमराज केवट, पिता दादुलाल केवट ने आरोप लगाया कि उनकी गर्भवती पत्नी रोशनी केवट की मौत सीएचओ शोभा जायसवाल की लापरवाही और गलत दवा देने के कारण हुई। खेमराज के मुताबिक, पेट में दर्द होने पर रोशनी को थानगांव उप स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया था।
उनका आरोप है कि सीएचओ ने इलाज के लिए 800 रुपए मांगे। पैसे देने के बाद उन्होंने कुछ सरकारी और अन्य गोलियां दीं। दवा लेने के बाद रोशनी की तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन दोबारा सीएचओ के पास पहुंचे तो उन्होंने कहा, “कुछ नहीं होगा, घर जाओ, ठीक हो जाएगी और 8-10 दिन रेस्ट करो।”
जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज और फिर जबलपुर रेफर किया
तबीयत में सुधार नहीं होने पर परिजन रोशनी को जिला अस्पताल अनूपपुर ले गए। वहां एक दिन इलाज के बाद डॉक्टरों ने परिजनों को बताया कि दवाइयों के सेवन से उनकी तबीयत बिगड़ी है और उन्हें तुरंत मेडिकल कॉलेज शहडोल ले जाना चाहिए। शहडोल मेडिकल कॉलेज में रोशनी को वेंटिलेटर पर रखा गया। इसी दौरान बच्चे का जन्म हुआ। हालत में सुधार नहीं होने पर उन्हें जबलपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिजनों ने बताया कि सदमे के कारण वे तुरंत शिकायत नहीं कर सके। अब उन्होंने 21 मार्च 2026 को हुई मौत के मामले में सीएचओ शोभा जायसवाल के खिलाफ उच्च स्तरीय जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
वाहन फर्म का 1.90 लाख रुपए भुगतान अटका
जनसुनवाई में मेसर्स श्रीराम इंटरप्राइजेज, जैतहरी का पहुंचा। फर्म के संचालक ने सीएमएचओ कार्यालय में वाहन उपलब्ध कराने के बदले करीब दो साल आठ महीने से अटके 1 लाख 90 हजार रुपए के भुगतान की मांग की। आवेदन के अनुसार सीएमएचओ कार्यालय के 1 अप्रैल 2024 के पत्र के निर्देश पर फर्म ने विभाग को वाहन उपलब्ध कराया था। इसके बाद जनवरी, फरवरी और मार्च 2024 के बिल भुगतान के लिए कार्यालय में जमा किए गए। फर्म का कहना है कि लंबे समय बाद भी भुगतान नहीं हुआ है। इससे वाहन संचालन से जुड़े खर्च उठाने में परेशानी हो रही है। कलेक्टर ने सीएमएचओ को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने 75 आवेदकों की सुनीं समस्याएं, निराकरण के दिए निर्देश
कलेक्ट्रेट स्थित नर्मदा सभागार में मंगलवार को आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई में अनूपपुर निवासी गुड़िया कुशवाहा ने दिव्यांगता के कारण आवागमन की सुविधा के लिए ई-स्कूटर उपलब्ध कराने, ग्राम दुलहरा निवासी शिवकुमार साहू ने रोजगार उपलब्ध कराने तथा तहसील कोतमा के ग्राम बुढ़ानपुर निवासी जोगू चौधरी ने किसान सम्मान निधि योजना, राशन कार्ड एवं पेंशन योजना में नाम जुड़वाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। ग्राम लहरपुर निवासी भूरेलाल राठौर ने देवालय स्थल की मरम्मत एवं जीर्णोद्धार कराने तथा ग्राम करनपठार, तहसील पुष्पराजगढ़ निवासी शिवकुमार सिंह ने सियार के काटने से हुए उपचार पर राहत राशि दिलाने की मांग रखी। ग्राम भोलगढ़ निवासी केदार गुप्ता ने बारिश से धान की फसल खराब होने पर मुआवजा दिलाने, ग्राम बरबसपुर तहसील अनूपपुर निवासी अयोध्या प्रसाद ने कृषि भूमि तक पहुंचने के लिए रास्ता उपलब्ध कराने, जैतहरी के वार्ड क्रमांक 15 निवासी बीसू राय ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने तथा ग्राम कटकोना निवासी सूरज नामदेव ने स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालय निर्माण कराने की मांग की। ग्राम गोंदी, पंचायत गोंदा निवासी सुग्रीव सिंह ने राशन पात्रता पर्ची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। जनसुनवाई में अन्य आवेदकों ने भी अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन दिए।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला