पद स्थायी कराने की मांग को लेकर अतिथि शिक्षक आज भोपाल में करेंगे प्रदर्शन, तीन साल बाद भी घोषणाएं लागू नहीं होने का आरोप
शिक्षक दिवस पर शाहजहानी पार्क में जुटेंगे प्रदेशभर के अतिथि शिक्षक
भोपाल, 05 सितंबर (हि.स.)। शिक्षक दिवस के मौके पर आज शनिवार को प्रदेशभर के अतिथि शिक्षक भोपाल के शाहजहानी पार्क में प्रदर्शन करेंगे। अतिथि शिक्षक समन्वय समिति के बैनर तले होने वाले आंदोलन में अतिथि शिक्षक तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा दाे सितंबर 2023 को लाल परेड मैदान में आयोजित अतिथि शिक्षक पंचायत में की गई घोषणाओं को लागू करने की मांग करेंगे। संगठन का कहना है कि घोषणाओं के करीब तीन साल बाद भी कई मांगों पर सरकार की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
समिति के प्रदेश अध्यक्ष सुनील सिंह परिहार ने कहा कि तत्कालीन मुख्यमंत्री ने अतिथि शिक्षकों के लिए वार्षिक अनुबंध, शैक्षणिक सत्र के बीच में बेरोजगार नहीं करने, गुरुजियों की तर्ज पर नीति बनाकर नियमित करने तथा सीधी भर्ती में बोनस अंक देकर स्थायी रोजगार देने की घोषणाएं की थीं। संगठन का आरोप है कि इनमें से अधिकांश घोषणाएं अब तक अमल में नहीं आ सकी हैं।
परिहार ने कहा कि प्रदेश में बड़ी संख्या में अतिथि शिक्षक लंबे समय से स्कूलों में सेवाएं दे रहे हैं। उनका कहना है कि केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी अलग-अलग मौकों पर अतिथि शिक्षकों के भविष्य को सुरक्षित करने और स्थायित्व की जरूरत का समर्थन कर चुके हैं। इसके बावजूद नीति स्तर पर अपेक्षित निर्णय नहीं होने से अतिथि शिक्षकों में असंतोष है।
करीब 70 हजार शिक्षकों को लाभ का दावा
संगठन का दावा है कि सरकार यदि पूर्व में की गई घोषणाओं को लागू करती है तो प्रदेश के करीब 70 हजार अतिथि शिक्षकों को इसका लाभ मिल सकता है। परिहार ने कहा कि लंबे समय से सेवाएं दे रहे शिक्षकों के रोजगार को स्थायी सुरक्षा देने के बजाय केवल घोषणाओं तक सीमित रहना उचित नहीं है। उन्होंने सरकार से स्पष्ट नीति बनाने की मांग की।
नई नियुक्तियों से रोजगार पर असर नहीं पड़ने का दावा
स्कूल शिक्षा विभाग में सात हजार से अधिक पदों पर प्रस्तावित नई नियुक्तियों को लेकर भी अतिथि शिक्षक संगठन ने अपनी बात रखी है। परिहार का दावा है कि विभाग ने नियुक्तियों को लेकर ऐसा तालमेल बनाया है, जिससे वर्तमान में कार्यरत अतिथि शिक्षकों के रोजगार पर व्यापक असर नहीं पड़ेगा। संगठन की मांग है कि नई नियुक्तियों के साथ लंबे समय से सेवाएं दे रहे अतिथि शिक्षकों के हितों का भी ध्यान रखा जाए।
स्वाति श्रीवास्तव को महिला मोर्चा की जिम्मेदारी
अतिथि शिक्षक समन्वय समिति के संगठनात्मक पुनर्गठन के तहत महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए स्वाति श्रीवास्तव को महिला मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। संगठन ने उम्मीद जताई कि महिला मोर्चा के गठन से अतिथि शिक्षिकाओं की समस्याओं और मांगों को भी प्रभावी ढंग से उठाया जा सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे