मंदसौर: पटेल चौराहे पर वन-वे व्यवस्था के खिलाफ दूसरे दिन भी प्रदर्शन जारी
मंदसौर, 05 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंंदसौर शहर के व्यस्ततम सरदार वल्लभभाई पटेल चौराहा पर लागू की गई नई यातायात व्यवस्था के विरोध में मंगलवार को दूसरे दिन भी प्रदर्शन जारी रहा। प्रशासन द्वारा ट्रैफिक दबाव कम करने के उद्देश्य से चौराहे का सर्कल हटाकर वन-वे सिस्टम लागू किया गया है, लेकिन स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने इस फैसले पर आपत्ति जताई है।
नई व्यवस्था के तहत अफीम गोदाम रोड, नई आबादी और संजीत नाका की ओर जाने वाले लोगों को अब सीधे मार्ग की बजाय सिटी क्राउन होटल या महाराणा प्रताप चौराहा होते हुए जाना पड़ रहा है। इससे न केवल दूरी बढ़ी है, बल्कि अन्य मार्गों पर यातायात का दबाव भी बढ़ने लगा है।
विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व जिला पंचायत सदस्य दीपक सिंह गुर्जर कर रहे हैं। उनके साथ कांग्रेस कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आमजन सोमवार सुबह से धरने पर बैठे थे। सोमवार शाम को प्रदर्शन समाप्त हुआ, लेकिन मंगलवार सुबह फिर से लोग चौराहे पर एकत्र होकर विरोध में बैठ गए।
करीब 40 डिग्री तापमान की भीषण गर्मी के बावजूद प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर डटे हुए हैं और चौराहे से बैरिकेड हटाने की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सर्कल को छोटा करने और बैरिकेड लगाने से जाम की स्थिति बन रही है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि यह निर्णय बिना पर्याप्त योजना और जनसुनवाई के लिया गया है। उनका कहना है कि जब तक पुरानी व्यवस्था बहाल नहीं की जाती, आंदोलन जारी रहेगा।
इस दौरान दीपक सिंह गुर्जर ने जनप्रतिनिधियों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि स्थानीय समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सांसद और विधायक इस मार्ग से गुजरते हैं, लेकिन अब तक किसी ने इस गंभीर समस्या पर ध्यान नहीं दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया