भोपाल में शराब दुकानों के खिलाफ उबाल, कहीं सुंदरकांड तो कहीं भजन-कीर्तन, विरोध के बीच फिर खुली दुकान
भोपाल, 08 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में शराब दुकानों की शिफ्टिंग को लेकर विरोध तेज होता जा रहा है। भोपाल के कोलार रोड, मंदाकिनी चौराहा, ईंटखेड़ी, अवधपुरी और सेमराकलां जैसे इलाकों में स्थानीय लोग लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। विरोध का स्वर इतना मुखर है कि कहीं धार्मिक आयोजन कर विरोध जताया जा रहा है, तो कहीं सड़क पर उतरकर प्रदर्शन हो रहा है।
अवधपुरी में रहवासियों ने सुंदरकांड का पाठ कर अपनी नाराजगी जताई, जबकि सेमराकलां में लोगों ने भजन-कीर्तन का सहारा लिया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यह सिर्फ विरोध नहीं, बल्कि अपने इलाके के सुरक्षित और शांत माहौल को बचाने की मुहिम है।
बुधवार को पॉलीटेक्निक चौराहे पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान शराब दुकान बंद रही, लेकिन प्रदर्शनकारियों के हटते ही दुकान फिर खुल गई। इस पर कांग्रेस ने सवाल उठाते हुए इसे प्रशासनिक संरक्षण का मामला बताया। कांग्रेस नेता शोएब खान ने कहा कि “प्रदर्शन खत्म होते ही दुकान खुल जाना इस बात का संकेत है कि जिम्मेदारों का संरक्षण प्राप्त है। दुकान को तुरंत शिफ्ट किया जाना चाहिए।”
अवधपुरी के ऋषिपुरम इलाके में भी पिछले चार दिनों से विरोध जारी है। यहां 80 फीट रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास संचालित शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर लोग लगातार आंदोलन कर रहे हैं। स्थानीय निवासी कमलेश सोलंकी का कहना है कि दुकान के कारण क्षेत्र का माहौल बिगड़ रहा है और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा बढ़ गया है। रहवासियों के मुताबिक, महिलाओं के साथ छेड़छाड़, झगड़े और अन्य आपराधिक घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे इलाके में असुरक्षा का माहौल बन गया है।
वहीं, सेमराकलां के विजय नगर साईंराम कॉलोनी के लोग पिछले एक साल से शराब दुकान हटाने की मांग कर रहे हैं। वे कलेक्टोरेट में होने वाली जनसुनवाई में भी कई बार अपनी शिकायत दर्ज करा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। नाराज होकर लोगों ने टेंट लगाकर भजन-कीर्तन शुरू कर दिया है। हाल ही में यहां विवाद की स्थिति भी बन चुकी है।
कोलार रोड के मंदाकिनी चौराहे पर भी हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। यहां जैन मंदिर के पीछे खोली गई शराब दुकान का लोग लगातार विरोध कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह क्षेत्र रहवासी और धार्मिक स्थल के पास होने के कारण दुकान यहां नहीं होनी चाहिए। साथ ही, दुकान खुलने के पहले ही दिन इलाके में ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई थी।
प्रदर्शनकारियों की मांग है कि इन दुकानों को आबादी और धार्मिक स्थलों से दूर शिफ्ट किया जाए। फिलहाल, शहर के कई इलाकों में विरोध जारी है और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर सभी की नजर टिकी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे