मंदसौरः विश्व हिंदू परिषद स्थापना दिवस एवं श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर निकला जुलूस

 


मंदसौर, 04 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर में विश्व हिंदू परिषद स्थापना दिवस एवं श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर भव्य चल समारोह एवं धर्म सभा का आयोजन किया गया। प्रात: 11:30 बजे केशव सत्संग भवन, खानपुरा से चल समारोह प्रारंभ हुआ जो नगर के विभिन्न मार्गाे से होता हुआ गांधी चौराहा पहुंचा जहां पर धर्मसभा और मटकी फोड प्रतियोगिता का आयोजन हुआ।

चल समारोह में विशेष आकर्षण कलश यात्रा, अखाड़ों का प्रदर्शन, आकर्षक झांकियां रही। सायं 6:00 बजे से विश्वपति शिवालय, गांधी चौराहा पर मटकी फोड का आयोजन हुआ। वहीं महाराणा प्रताप बस स्टेण्ड एवं नेहरू बस स्टेण्ड पर भी मटकी फोड प्रतियोगिता के आयोजन देर रात तक हुए।

श्री कृष्ण ग्वाला गवली समाज द्वारा चल समारोह निकाला गया

श्री कृष्ण ग्वाला गवली समाज द्वारा भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर सवेरे मंदिर में महाआरती हुई। समाज द्वारा हर साल की तरह इस साल भी बड़ी धूमधाम से मंदसौर नगर में चल समारोह निकाला गया। जो नगर के प्रमुख मार्गो से गुजरा । इस दौरान मंदसौर के ढोल, बैंड, नासिक के नगाडे, दिल्ली के कलाकारो द्वारा आकर्षक प्रस्तुति, राधा - कृष्ण-सुदामा का मनोरम नृत्य, पंचमुखी शंकर का नृत्य, अघोरी द्वारा अदभुत प्रस्तुति, गोरिल्ला, कनोर्टक की नर्तिका कांतारा, द्वारिकाधीश की झांकी, सांवरिया सेठ की झांकी ने सबका मन मोह लिया । बडी संख्या में महिलाओं ने भी चल समारोह में भाग लिया । स्वागंधारी कलाकार आकर्षण का केन्द्र रहे । कई स्थानो पर शोभायात्रा का स्वागत हुआ ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया