प्रधानमंत्री मोदी की 25वर्षों की सेवा यात्रा नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा- डॉ. मोहन यादव

 


- 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान

- 71 हजार से अधिक बूथों के लाभार्थियों तक पहुंचेगी पार्टी

भोपाल, 11 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा मध्यप्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने शुक्रवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकार वार्ता में अभियान की रूपरेखा साझा की। पार्टी के मुताबिक, एक महीने के दौरान 12 अलग-अलग कार्यक्रमों के जरिए प्रदेश के 71 हजार से अधिक बूथों के लाभार्थी परिवारों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, समर्पण, सुशासन और राष्ट्र निर्माण को समर्पित रहे हैं। अभियान का उद्देश्य उनकी सेवा यात्रा से लोगों को परिचित कराने के साथ सेवा, सुशासन और जनभागीदारी की भावना को आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के सेवा-संकल्प से प्रेरणा लेकर विकसित और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के निर्माण को गति देने का प्रयास किया जा रहा है।

17 सितंबर को घर-घर जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिन को सेवा दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इसी दिन शाम 7 बजे प्रदेश के 71 हजार से अधिक बूथों के लाभार्थी परिवारों के घर ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित कर विकसित भारत-2047 का संकल्प लिया जाएगा।

अभियान के तहत स्कूलों में ‘विकसित भारत’ विषय पर चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं, 2 अक्टूबर को प्रदेशव्यापी स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर, सेवा कार्य, प्रदर्शनियां, संवाद और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के तहत नुक्कड़ नाटक और संगीतमय प्रस्तुतियों के जरिए प्रधानमंत्री की योजनाओं और उनके प्रभाव को लोगों तक पहुंचाने की योजना है।

11,404 शक्ति केंद्रों पर साझा होंगी लाभार्थियों की कहानियां

खण्डेलवाल ने कहा कि प्रदेश के 11,404 शक्ति केंद्रों पर ‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम के तहत केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों की वास्तविक कहानियां सोशल मीडिया पर साझा की जाएंगी। 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनवाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित होंगे। इनमें आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान करने के साथ महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री माेदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर जिलों और गांवों में पदयात्रा, साइकिल व बाइक रैलियां निकाली जाएंगी। इनका समापन सामूहिक रूप से ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प के साथ होगा।

25 तरह की गतिविधियों में श्रमदान

‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। इसमें पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों से 25 प्रकार की सेवा गतिविधियों में कम से कम 25 मिनट श्रमदान करने का आह्वान किया जाएगा। राज्य सरकार की ओर से विकासखंड स्तर पर ‘सेवा सेतु शिविर’ लगाकर पात्र हितग्राहियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने का भी कार्यक्रम है।

भाजपा ने बताया कि गुजरात के वडनगर स्थित हाटकेश्वर महादेव से काशी विश्वनाथ तक जलाभिषेक के लिए यात्राएं भी निकाली जाएंगी। इनमें से 13 यात्राओं के मध्यप्रदेश से होकर गुजरने की योजना है। इसके अलावा ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’ के तहत रंगोली प्रतियोगिताएं और ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ तथा ‘सुशासन, सेवा, संवाद’ जैसे कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं।

मोदी के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन का उल्लेख करते हुए केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और नीतियों को गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के अवसर और अधोसंरचना विकास से जोड़ा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत की वैश्विक भूमिका मजबूत हुई है और देश आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश में भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए निवेश, रोजगार, सिंचाई, नवकरणीय ऊर्जा, अधोसंरचना और पर्यटन के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश को विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर राज्य बनाना है।

खण्डेलवाल बोले- 25 वर्ष की सेवा यात्रा नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में लगातार 25 वर्षों तक जनता का समर्थन मिलना महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की सेवा यात्रा को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से प्रधानमंत्री के सेवा, सुशासन और समर्पण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं अभियान के प्रदेश संयोजक राहुल कोठारी ने कार्यक्रमों की जानकारी दी। प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विशाल बत्रा भी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे