मप्र: प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष पूर्ण होने पर सुरखी में लगेगा 3 दिवसीय जनकल्याण शिविर
केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनहितकारी योजनाओं का मिलेगा लाभ : गोविंद सिंह राजपूत
भोपाल, 11 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सागर जिले की सुरखी विधानसभा क्षेत्र में 16, 17 एवं 18 जून को तीन दिवसीय जनकल्याण शिविरों का आयोजन किया जाएगा। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में राहतगढ़ जनपद पंचायत, जैसीनगर जनपद पंचायत, नगर परिषद सुरखी एवं नगर परिषद बिलहरा में शिविर आयोजित होंगे, जहां आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाएगा।
खाद्य मंत्री राजपूत ने क्षेत्र की जनता तथा भाजपा कार्यकर्ताओं से इन शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन, गरीब कल्याण, आत्मनिर्भरता और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। इन उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से जनकल्याण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत योजना, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, मुद्रा योजना और जनधन योजना जैसी योजनाओं ने समाज के हर वर्ग के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है। इन योजनाओं के माध्यम से गरीब, किसान, महिला, युवा और श्रमिक वर्ग को सशक्त बनाया गया है।
मंत्री राजपूत ने बताया कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार भी जनकल्याण के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। लाड़ली बहना योजना, मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना, मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं तथा विभिन्न स्वरोजगार कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश के नागरिकों को लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनकल्याण शिविरों में सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहेंगे। नागरिक अपनी शिकायतें, समस्याएं एवं योजनाओं से संबंधित आवेदन लेकर शिविर में पहुंच सकते हैं, जहां उनका मौके पर ही निराकरण करने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही पात्र हितग्राहियों के आवेदन स्वीकार कर उन्हें विभिन्न शासकीय योजनाओं से जोड़ा जाएगा।
मंत्री राजपूत ने भाजपा कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे अपने-अपने गांवों, वार्डों एवं क्षेत्रों में जनकल्याण शिविरों की जानकारी पहुंचाएं और अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि यह अभियान शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और जनता की समस्याओं का प्रभावी समाधान करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प तथा मुख्यमंत्री मोहन यादव के विकसित मध्यप्रदेश के विजन को साकार करने में जनसहभागिता की महत्वपूर्ण भूमिका है। जनकल्याण शिविरों के माध्यम से पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ-साथ उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। मंत्री राजपूत ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे 16, 17 एवं 18 जून को आयोजित जनकल्याण शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त करें और अपनी समस्याओं का मौके पर ही समाधान कराएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे