अनूपपुर:पुजारी प्रशिक्षण कार्यशाला 29 नवंबर को अमरकंटक में, राज्यमंत्री और जनप्रतिनिधि होंगे शामिल

 


अनूपपुर, 21 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की धार्मिक नगरी अमरकंटक में देवस्थानों एवं तीर्थस्थलों के समुचित प्रबंधन, धार्मिक परंपराओं के संरक्षण तथा मंदिरों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से शासन के धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग तथा मध्यप्रदेश तीर्थ-स्थान एवं मेला प्राधिकरण द्वारा शहडोल संभाग स्तरीय पुजारी प्रशिक्षण कार्यशाला 29 नवंबर 2026, रविवार को प्रातः 10:30 बजे श्री कल्याण सेवा आश्रम, अमरकंटक, में आयोजित होगी। कार्यक्रम में प्रदेश के मंत्रियों, सांसद, विधायकों, विभिन्न आयोगों एवं प्राधिकरणों के अध्यक्षों सहित प्रशासनिक अधिकारियों और धर्माचार्यों की गरिमामय उपस्थिति रहेगी।

मुख्य अतिथि के रूप में मध्य प्रदेश के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र भावसिंह लोधी शामिल होंगे, जो संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं। वहीं अति विशिष्ट अतिथि के रूप में मध्य प्रदेश शासन के राज्यमंत्री दिलीप जायसवाल तथा मध्य प्रदेश तीर्थ-स्थान एवं मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष विनोद गोंटिया उपस्थित रहेंगे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में परशुराम कल्याण बोर्ड मध्यप्रदेश के अध्यक्ष विष्णु राजौरिया, सांसद हिमाद्रि सिंह, अपर मुख्य सचिव शिव शेखर शुक्ला, रमन योगी जी महाराज, मध्यप्रदेश जनजाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल रौतेल, जैतपुर विधायक जयसिंह मरावी, जूनागढ़ कृषि विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डॉ. नरेंद्र गोंटिया, बांधवगढ़ विधायक शिवनारायण सिंह, अनूपपुर कलेक्टर रत्नाकर झा, अमरकंटक विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष, अनूपपुर विधायक बिसाहूलाल सिंह तथा अमरकंटक नगर परिषद की अध्यक्ष पार्वती सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।

आयोजक एवं मध्यप्रदेश तीर्थ-स्थान एवं मेला प्राधिकरण, भोपाल के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. राजेश श्रीवास्तव ने शनिवार को बताया कि प्रशिक्षण कार्यशाला का प्रमुख उद्देश्य मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों के संचालन, पूजा-पद्धति, धार्मिक व्यवस्थाओं, परंपराओं के संरक्षण तथा देवस्थानों के सुव्यवस्थित प्रबंधन से संबंधित विषयों पर पुजारियों को आवश्यक जानकारी एवं प्रशिक्षण प्रदान करना है। इसके माध्यम से धार्मिक स्थलों की व्यवस्थाओं को अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे। मां नर्मदा की उद्गम स्थली अमरकंटक में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम से संभाग के विभिन्न तीर्थस्थलों और देवस्थानों से जुड़े पुजारियों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला