राजगढ़ः कांग्रेस का प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान
राजगढ़, 03 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में कांग्रेस ने प्रदेश में शिक्षा, किसान, भ्रष्टाचार, उज्जैन भूमि प्रकरण और अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी कथित अनियमितताओं सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की है।
राजगढ़ जिला कांग्रेस कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री प्रियव्रतसिंह खींची ने आंदोलन की रूपरेखा जारी करते हुए कहा कि कांग्रेस प्रदेशभर में जनसंपर्क और विरोध प्रदर्शन के माध्यम से इन मुद्दों को जनता के बीच ले जाएगी। प्रियव्रत सिंह ने कहा कि नीट और सीबीएसई परीक्षाओं से जुड़े विवादों ने लाखों विद्यार्थियों के भविष्य को प्रभावित किया है। इसे लेकर कांग्रेस छात्रों की गूंज अभियान शुरू करेगी, जिसके तहत विद्यार्थियों से संवाद कर शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग उठाई जाएगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि खरीफ सीजन के दौरान किसानों को समय पर डीएपी, यूरिया और अन्य उर्वरक उपलब्ध नहीं हो रहे हैं। खाद की कालाबाजारी, टोकन व्यवस्था, बिजली संकट और समर्थन मूल्य पर खरीदी में आ रही परेशानियों को लेकर कांग्रेस गांव-गांव तक आंदोलन करेगी। पूर्व मंत्री ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से जुड़े उज्जैन भूमि प्रकरण और महाकाल लोक परियोजना से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि अयोध्या स्थित राम मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और चढ़ावे से जुड़ी कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच सुप्रीम कोर्ट के वर्तमान न्यायाधीश की निगरानी में कराई जानी चाहिए।
प्रियव्रत सिंह ने दावा किया कि देश में लोकतांत्रिक संस्थाओं पर दबाव बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश कांग्रेस जल्द ही एक डिजिटल पोर्टल शुरू करेगी, जहां आम नागरिक भ्रष्टाचार और सार्वजनिक संस्थानों के दुरुपयोग से जुड़े दस्तावेज गोपनीय रूप से साझा कर सकेंगे।
उन्होंने जिले में आंदोलन का कार्यक्रम भी घोषित किया। इसके तहत 7 जुलाई को ब्यावरा, 13 जुलाई को नरसिंहगढ़, 19 जुलाई को खिलचीपुर, 24 जुलाई को राजगढ़ और 27 जुलाई को सारंगपुर में आंदोलन होगा। 9 से 15 जुलाई तक ग्राम पंचायतों में ज्ञापन, 14-15 जुलाई को इंदौर से भोपाल तक जनजागरण साइक्लोथॉन, 15 जुलाई को भोपाल में मुख्यमंत्री निवास का घेराव तथा जुलाई के अंतिम सप्ताह में उज्जैन भूमि प्रकरण को लेकर बड़ी रैली आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि इन सभी मुद्दों को आगामी विधानसभा सत्र में भी प्रमुखता से उठाया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक