जबलपुर में डेढ़ घंटे तक हुई लगातार बारिश; कई इलाकों में जलभराव और बिजली व्यवस्था प्रभावित

 


जबलपुर, 09 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुरूप मंगलवार को प्री मानसून की बारिश का दौर शुरू हो गया। शहर में पिछले डेढ़ घंटे से अधिक समय से लगातार तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से काफी राहत मिली है।

हालांकि, बारिश के साथ कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन गई है। शहर की कई सड़कों पर पानी भर जाने से आवागमन प्रभावित हुआ है, जबकि कुछ मार्गों पर यातायात भी बाधित हो गया। बारिश शुरू होते ही विद्युत व्यवस्था चरमरा गई और शहर के अनेक हिस्सों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जिससे अंधकार की स्थिति निर्मित हो गई। तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ और झाड़ियां गिरने की भी खबरें सामने आई हैं।

स्थिति पर नजर बनाए रखने के लिए पुलिस कंट्रोल रूम और नगर निगम का फायर अमला लगातार सक्रिय है तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्कता बरती जा रही है। इधर, दक्षिण-पश्चिम मानसून भी तेजी से मध्य प्रदेश की ओर बढ़ रहा है।

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार मानसून ने केरल, गोवा और महाराष्ट्र में तेजी से प्रगति की है और अब उसकी अगली मंजिल मध्य प्रदेश है। पहले अनुमान लगाया जा रहा था कि मानसून 20 जून के आसपास प्रदेश में प्रवेश करेगा, लेकिन वर्तमान मौसमी परिस्थितियों को देखते हुए इसके निर्धारित समय यानी 15 जून के आसपास ही मध्य प्रदेश पहुंचने की संभावना प्रबल हो गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक