मंदसौरः जिले के सभी स्कूलों में मनाया गया प्रवेश उत्सव, बच्चों को पुस्तकें एवं साइकिल वितरित की गई

 


मंदसौर, 01 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में सभी शासकीय स्कूलों में बुधवार को प्रवेश उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन-अर्चन के साथ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा विजय पाटीदार, जिला शिक्षा अधिकारी टेरेसा मिंज एवं बीआरसी रामेश्वर डांगी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा पाटीदार ने विद्यार्थियों से एकाग्रता के साथ शिक्षा ग्रहण कर उज्ज्वल भविष्य बनाने का आह्वान किया। जिला शिक्षा अधिकारी टेरेसा मिंज ने छात्राओं को निरंतर अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। वहीं नम्रता चावला ने छात्राओं को हर परिस्थिति में आगे बढ़ने तथा एआई जैसी आधुनिक तकनीकों का अपने करियर में उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों की उपस्थिति में विद्यार्थियों को नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकें एवं साइकिल का वितरण किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ, अभिभावक एवं छात्र-छात्राओं की सक्रिय सहभागिता रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया