दमोह:कुंडलपुर में हुआ 4.70 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण

 


दमोह, 18 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह जिले के कुंडलपुर स्थित रुक्मणी माता परिसर में शनिवार को 4 करोड़ 70 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हुए विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री पटेल ने कहा कि इतिहास को केवल भौतिक प्रमाणों के आधार पर नहीं, बल्कि लोककथाओं, शास्त्रों और परंपराओं के माध्यम से भी समझा जाना चाहिए, क्योंकि यही तत्व समाज को दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने रुक्मणी मठ और “बड़े बाबा” मंदिर को क्षेत्र की प्राचीन आस्था का केंद्र बताते हुए इसके संरक्षण और स्वच्छता को सामूहिक जिम्मेदारी बताया।

उन्होंने चोरी हुई प्राचीन मूर्तियों की पुनर्स्थापना के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्राथमिकता मूर्तियों की पहचान को लेकर विवाद करने के बजाय उन्हें उनके मूल स्थान पर वापस स्थापित करना रही। इस संबंध में उन्होंने केंद्र सरकार की नीति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को महत्वपूर्ण बताया।

संस्कृति, पर्यटन एवं धार्मिक न्यास विभाग के राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि विकसित हुआ रुक्मणी माता परिसर धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान बनाएगा। उन्होंने मेला आयोजन के लिए प्रतिवर्ष ₹10 लाख तक का अनुदान उपलब्ध कराने की घोषणा की। पशुपालन एवं डेयरी विभाग के राज्यमंत्री लखन पटेल ने क्षेत्र में आधुनिक गौशाला स्थापित करने का सुझाव देते हुए कहा कि इससे देशी नस्लों के संरक्षण के साथ किसानों को भी लाभ होगा।

मध्य प्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष रामकृष्ण कुसमरिया ने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों की शुरुआत हुई है, लेकिन अभी कई कार्य शेष हैं, जिन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाना चाहिए। कार्यक्रम में दमोह विधायक जयंत कुमार मलैया और हटा विधायक उमा देवी खटीक ने भी परिसर के विकास कार्यों की सराहना करते हुए मंत्री प्रहलाद पटेल के प्रयासों को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताया।

पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शिवचरण पटेल के अनुसार स्वीकृत राशि से मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण, सीसी रोड निर्माण, जल निकासी व्यवस्था, मुक्तिधाम निर्माण तथा रुक्मणी कुंड के विकास सहित कई आधारभूत कार्य पूर्ण किए गए हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का सम्मान भी किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव