बिजली संयंत्रों में पर्याप्त उत्पादन फिर भी कटौती, अधिकारियों की मिलीभगत से सरकार को बदनाम करने की साजिश
भोपाल/सीहोर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में अघोषित बिजली कटौती को लेकर भाजपा नेता गौरव सन्नी महाजन ने विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि पर्याप्त बिजली उत्पादन के बावजूद वितरण व्यवस्था को जानबूझकर प्रभावित किया जा रहा है, ताकि किसान हितैषी भाजपा सरकार की छवि खराब की जा सके। इस संबंध में महाजन ने सोमवार को ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर और विद्युत वितरण कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र लिखकर व्यवस्था में सुधार की मांग की है।
महाजन ने कहा कि प्रदेश के बिजली संयंत्रों में पर्याप्त उत्पादन हो रहा है और सभी परियोजनाएं सुचारू रूप से संचालित हैं। इसके बावजूद राजधानी भोपाल सहित ग्रामीण क्षेत्रों में अघोषित बिजली कटौती की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वितरण व्यवस्था में जानबूझकर गड़बड़ी पैदा की जा रही है। उनके अनुसार, विपक्षी दल भाजपा सरकार को अस्थिर करने के लिए षड्यंत्र कर रहे हैं।
भाजपा नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी विद्युत वितरण कंपनियों को किसानों की मांग के अनुरूप बिजली उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि नागरिकों को चिंता करने की जरूरत नहीं है। नवरात्र और दीपावली बिजली की रोशनी में ही मनाई जाएगी तथा बिजली कटौती की समस्या दूर की जाएगी।
महाजन ने यह भी कहा कि जिले के कुछ स्थानों पर अधिक विद्युत भार के कारण ट्रांसफार्मरों में आग लगने की घटनाएं हुई हैं। वितरण व्यवस्था से जुड़ी लापरवाही के कारण भी बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस बिजली कटौती के मुद्दे को उठाकर सरकार को घेरने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार किसानों, गरीबों और मजदूरों के हितों के लिए काम कर रही है और सभी को पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा