रतलाम संभाग में डाक फ्रेंचाइजी योजना लागू, युवाओं और संस्थाओं को मौका

 


रतलाम, 10 जून (हि.स.)। भारतीय डाक विभाग ने डाक सेवाओं को आमजन तक अधिक सुलभ और प्रभावी ढंग से पहुंचाने के उद्देश्य से रतलाम डाक संभाग के अंतर्गत रतलाम, झाबुआ और अलीराजपुर जिलों में पोस्ट फ्रेंचाइजी स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू की है। इसके लिए इच्छुक व्यक्तियों एवं संस्थाओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

डाकघर अधीक्षक राजेश कुमावत ने बताया कि फ्रेंचाइजी योजना के माध्यम से स्पीड पोस्ट और पार्सल सेवाओं के नेटवर्क का विस्तार किया जाएगा, जिससे नागरिकों को अपने क्षेत्र में ही विभिन्न डाक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

उन्होंने बताया कि भारतीय डाक विभाग देशभर में सार्वभौमिक डाक सेवा दायित्व का निर्वहन कर रहा है। वर्तमान में देश में डेढ़ लाख से अधिक डाकघरों का विशाल नेटवर्क संचालित है, जिनमें अधिकांश डाकघर ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित हैं। इसके बावजूद तेजी से विकसित हो रहे शहरी और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में डाक सेवाओं की बढ़ती मांग को देखते हुए फ्रेंचाइजी मॉडल को बढ़ावा दिया जा रहा है।

फ्रेंचाइजी आउटलेट्स के माध्यम से डाक टिकट और डाक स्टेशनरी की बिक्री, स्पीड पोस्ट बुकिंग, मनीऑर्डर बुकिंग तथा पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस (पीएलआई) से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही पीएलआई प्रीमियम संग्रहण और अन्य आफ्टर-सेल्स सेवाएं भी प्रदान की जाएंगी। डाक सामग्री के वितरण और संप्रेषण का कार्य विभाग द्वारा पूर्ववत संचालित किया जाएगा।

डाक विभाग के अनुसार आवेदकों के पास उपयुक्त कार्यस्थल, कंप्यूटर संचालन का बुनियादी ज्ञान तथा ग्राहकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की क्षमता होना आवश्यक है। चयनित फ्रेंचाइजी को विभाग द्वारा निर्धारित नियमों और शर्तों के अनुरूप सेवाओं का संचालन करना होगा।

हिन्दुस्थान समाचार /शरद जोशी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा