अनूपपुर: विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में उबाल, संगठन विस्तार के बीच भाजपा में चेहरे बदलने की चर्चा तेज
अनूपपुर, 22 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की राजनीति एक बार फिर निर्णायक मोड़ पर खड़ी नजर आ रही है। भारतीय जनता पार्टी द्वारा हाल ही में संगठनात्मक स्तर पर बड़े फेरबदल और नई नियुक्तियों के बाद यह चर्चा तेज हो गई है कि आगामी अनूपपुर विधानसभा चुनाव में पार्टी नया चेहरा सामने लाएगी या फिर पुराने नेतृत्व पर ही भरोसा कायम रखेगी।
दरअसल, शनिवार की रात अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिलाध्यक्षों की घोषणा की गई, जिसमें अनूपपुर से अमोल सिंह मार्को को जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह नियुक्ति प्रदेश अध्यक्ष पंकज सिंह टेकाम की अनुशंसा और शीर्ष नेतृत्व की सहमति से की गई है। प्रदेशभर के 21 जिलों में किए गए इन बदलावों को भाजपा की रणनीतिक तैयारी के रूप में देखा जा रहा है।
संगठन मजबूत, लेकिन टिकट पर सस्पेंस
वरिष्ठ पत्रकार कैलास पाण्डेय का कहना है कि भाजपा द्वारा मोर्चा स्तर पर की गई नियुक्तियां केवल संगठन विस्तार तक सीमित नहीं मानी जा रहीं, बल्कि इसे संभावित नए नेतृत्व को तैयार करने की प्रक्रिया के रूप में भी देखा जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पार्टी जमीनी स्तर पर पकड़ मजबूत करने के साथ-साथ विकल्प भी तैयार कर रही है।
जनता की राय “नेता दिखते हैं, लेकिन कब?”
जिले के ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में एक धारणा तेजी से उभर रही है कि कई पुराने नेता अब केवल मंच, कार्यक्रम और सोशल मीडिया तक सीमित रह गए हैं, जबकि जमीनी सक्रियता में कमी महसूस की जा रही है। ग्रामीणों के बीच अक्सर यह सवाल गूंजता है
चुनाव के समय ही क्यों याद आते हैं हमारे नेता?
वरिष्ठ पत्रकार कैलास पाण्डेय का कहना है कि पुराने चेहरे बनाम नई उम्मीद हालांकि, पुराने नेताओं की पकड़ पूरी तरह कमजोर नहीं हुई है। लेकिन बदलते दौर में युवा मतदाता अब सक्रिय, उपलब्ध और जमीनी नेता की मांग कर रहा है, जो केवल चुनावी समय पर नहीं बल्कि हर परिस्थिति में नजर आए।
भाजपा की रणनीति दोहरी तैयारी
सूत्रों के अनुसार भाजपा फिलहाल तीन स्तरों पर काम कर रही है। संगठन को मजबूत करना नए चेहरों को अवसर देकर विकल्प तैयार रखना अंतिम समय में टिकट को लेकर रणनीतिक निर्णय लेना। यानी पार्टी अभी अपने पत्ते खोलने के मूड में नहीं है, लेकिन अंदरखाने पूरी तैयारी जारी है।कार्यकर्ताओं में उत्साह, समीकरणों में अमोल सिंह मार्को की नियुक्ति के बाद कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। इसे आदिवासी क्षेत्रों में संगठन की पकड़ मजबूत करने और नए समीकरण साधने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
बदलाव की आहट या पुराना भरोसा?
अनूपपुर विधानसभा में भाजपा के सामने सबसे बड़ा सवाल यही हैक्या पार्टी जनता की बदलती उम्मीदों के साथ नया चेहरा सामने लाएगी,या फिर अनुभवी नेतृत्व के भरोसे ही चुनावी रण में उतरेगी? आने वाले समय में यह स्पष्ट होगा कि जनता बदलाव चाहती है या भरोसा… और भाजपा किस दिशा में कदम बढ़ाती है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला