अनूपपुर: पसान नगर पालिका में सियासी घमासान, उपाध्यक्ष अजय यादव के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की मांग
अनूपपुर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की नगर पालिका पसान में उपाध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की मांग से स्थानीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है। नगर पालिका अध्यक्ष सहित 16 पार्षदों ने उपाध्यक्ष अजय ताराचंद्र यादव के विरुद्ध मोर्चा खोलते हुए सोमवार को कलेक्टर के समक्ष संयुक्त आवेदन प्रस्तुत किया है। पार्षदों ने मध्यप्रदेश नगर पालिका अधिनियम, 1961 की धारा 43-क (43A) एवं लागू नियमों के तहत वैधानिक प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है।
परिषद की बैठक में निंदा प्रस्ताव पारित करने का दावा
पार्षदों की ओर से प्रस्तुत आवेदन के अनुसार, 9 अक्टूबर को आयोजित नगर पालिका परिषद की बैठक में उपाध्यक्ष अजय ताराचंद्र यादव के विरुद्ध सर्वसम्मति से निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि उपाध्यक्ष के कार्यव्यवहार से पद की मर्यादा प्रभावित हो रही है और नगर के विकास कार्यों में व्यवधान उत्पन्न हो रहा है। इसके अलावा, सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों के जरिए नगर निकाय तथा पार्षदों के विरुद्ध भ्रामक एवं द्वेषपूर्ण प्रचार किए जाने के आरोप भी लगाए गए हैं। हालांकि, ये आरोप आवेदन प्रस्तुत करने वाले पार्षदों की ओर से लगाए गए हैं, जिनकी स्वतंत्र पुष्टि तथा उपाध्यक्ष का पक्ष सामने आना शेष है।
16 पार्षदों ने जताया अविश्वास
संयुक्त आवेदन में पार्षदों ने कहा है कि मौजूदा परिस्थितियों के चलते उपाध्यक्ष के कार्यव्यवहार के प्रति उनका विश्वास समाप्त हो गया है। इसी आधार पर उन्होंने अविश्वास प्रस्ताव की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की मांग की है। अध्यक्ष सहित 16 पार्षदों के इस कदम के बाद नगर पालिका के भीतर राजनीतिक और प्रशासनिक घटनाक्रम पर निगाहें टिक गई हैं।
पार्षदों ने कलेक्टर से अनुरोध किया है कि अधिनियम एवं संबंधित नियमों के तहत आवश्यक कार्रवाई करते हुए अविश्वास प्रस्ताव पर विचार के लिए नियमानुसार बैठक बुलाने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए। आवेदन के साथ परिषद की बैठक में पारित निंदा प्रस्ताव और पार्षदों का संयुक्त आवेदन संलग्न किए जाने का भी उल्लेख है।
पार्षदों ने कहा कि नगर पालिका पसान में उपाध्यक्ष नगर के विकास कार्यों में व्यवधान उत्पन्न करते है। साथ ही, सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से निकाय और पार्षदों के विरुद्ध भ्रामक एवं द्वेषपूर्ण प्रचार किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला