राजगढ़ः स्वच्छता के बाद योग-ध्यान, पुलिसकर्मियों ने लिया तनावमुक्त रहने का संकल्प

 


राजगढ़,4 अक्टूबर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में पुलिस महानिरीक्षक भोपाल ग्रामीण रेंज रुचिवर्धन मिश्र के निर्देशन में संचालित ‘हर रविवार थाना परिवार’ कार्यक्रम के तहत रविवार को विभिन्न थाना परिसरों में स्वच्छता अभियान के साथ हार्टफुलनेस योग, ध्यान, प्राणायाम और रिलैक्सेशन सत्र आयोजित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिसकर्मियों को तनावमुक्त रखते हुए शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ बनाना रहा।

पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केएल बंजारे के मार्गदर्शन में जिले के सभी थानों में पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों ने उत्साह के साथ सहभागिता की। कार्यक्रम की शुरुआत थाना परिसरों और कार्यस्थलों की साफ-सफाई से हुई। पुलिसकर्मियों ने सामूहिक रूप से सफाई कर स्वच्छ एवं सकारात्मक कार्य वातावरण का संदेश दिया। इसके बाद थाना परिसरों में हार्टफुलनेस योग, ध्यान, प्राणायाम और रिलैक्सेशन सत्र आयोजित किए गए। पुलिसकर्मियों ने योग और ध्यान के माध्यम से मानसिक शांति, तनावमुक्ति, भावनात्मक संतुलन और एकाग्रता बढ़ाने का अभ्यास किया। जिले के अनुविभागीय पुलिस अधिकारियों ने भी अपने-अपने थाना क्षेत्रों में पुलिसकर्मियों के साथ कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पुलिसिंग की जिम्मेदारियों के बीच पुलिस बल का शारीरिक स्वास्थ्य और मानसिक संतुलन भी जरूरी है। ‘हर रविवार थाना परिवार’ के माध्यम से पुलिस परिवार में स्वास्थ्य, संवाद, अनुशासन और टीम भावना को बढ़ावा दिया जा रहा है। स्वस्थ और ऊर्जावान पुलिसकर्मी आमजन की सेवा और सुरक्षा का दायित्व अधिक प्रभावी ढंग से निभा सकेंगे। पुलिस ने संदेश दिया कि स्वच्छ परिसर, स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक सोच बेहतर पुलिसिंग की मजबूत नींव है। पुलिस ने आमजन से भी योग, ध्यान और स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक