जबलपुरः सिंहस्थ-2028 को लेकर पुलिस अधिकारियों और जवानों के लिए छह दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला शुरू

 


जबलपुर, 01 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में आगामी सिंहस्थ-2028 के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात संचालन, भीड़ प्रबंधन तथा आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पुलिस बल को प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से सोमवार को छह दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ पुलिस लाइन स्थित सामुदायिक भवन में किया गया।

पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यशाला का उद्घाटन अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक प्रमोद वर्मा ने पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय की उपस्थिति में किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

कार्यशाला में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध) जितेंद्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सूर्यकांत शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) अंजना तिवारी, उप पुलिस अधीक्षक आकांक्षा उपाध्याय, नगर पुलिस अधीक्षक गढ़ा आशीष जैन, नगर पुलिस अधीक्षक अधारताल राजेश्वरी कौरव, नगर पुलिस अधीक्षक गोहलपुर मधुर पटेरिया, उप पुलिस अधीक्षक बैजनाथ प्रजापति, रक्षित निरीक्षक जे.पी. आर्य, सूबेदार योगेश चौकसे सहित लगभग 150 अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।

प्रशिक्षण के दौरान यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था, चेकिंग और निगरानी संबंधी विषयों पर विस्तृत जानकारी पावर पॉइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से दी गई। अधिकारियों ने बताया कि सिंहस्थ-2028 की व्यवस्थाओं के लिए जबलपुर जिले के पुलिस बल को चरणबद्ध तरीके से लगातार प्रशिक्षित किया जाएगा, ताकि महापर्व के दौरान सभी चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सके।

पुलिस विभाग का मानना है कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से पुलिस बल की कार्यकुशलता बढ़ेगी और सिंहस्थ जैसे विशाल धार्मिक आयोजन में बेहतर सुरक्षा एवं प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक