मध्यप्रदेश पुलिस ने 2 करोड़ से अधिक के गुम हुए 977 मोबाइल फोन खोज कर मालिकों को लौटाएं
भोपाल, 27 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश पुलिस का सायबर सेल ऑन लाइन ठगी पर अंकुश लगाने के साथ-साथ चोरी गए अथवा गुम हुए मोबाइल फोन इत्यादि इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस को बरामद करने में अहम भूमिका निभा रहा है।
इस क्रम में मध्य प्रदेश पुलिस ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में चलाए गए विशेष अभियान एवं तकनीकी विश्लेषण के तहत 2 करोड़ 86 लाख रूपये के गुम हुए 977 मोबाइल फोन खोजकर उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए हैं। ये मोबाइल फोन पुलिस ने संबंधित लोगों को कार्यालय बुलाकर सुपुर्द भी कर दिए हैं। जिन लोगों के खोए हुए मोबाइल फोन वापस मिले हैं वो सभी बहुत खुश हैं और मध्य प्रदेश पुलिस की सराहना कर रहे हैं।
पुलिस मुख्यालय द्वारा शुक्रवार को जानकारी दी गई कि राजगढ़ जिले में “ऑपरेशन ट्रेस एंड रिटर्न” के तहत पुलिस द्वारा आधुनिक तकनीक एवं CEIR पोर्टल का प्रभावी उपयोग करते हुए 451 गुम/चोरी मोबाइल फोन कीमत लगभग 1 करोड़ 80 लाख रुपये के बरामद किए। ये मोबाइल फोन अन्य जिलों एवं राज्यों जैसे बिहार, राजस्थान, गुजरात एवं उत्तरप्रदेश से भी प्राप्त किए गए हैं।
वहीं, इंदौर क्राइम ब्रांच द्वारा सिटीजन कॉप एप्लीकेशन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर कार्यवाही करते हुए लगभग 60 लाख रुपये मूल्य के 251 गुम मोबाइल फोन बरामद कर आवेदकों के सुपुर्द किए गए। ये मोबाइल फोन इंदौर सहित गुजरात, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश आदि राज्यों से ट्रेस किए गए, जिनमें आईफोन, वन प्लस, सैमसंग, रेडमी, वीवो, ओप्पो, रियलमी जैसी विभिन्न कंपनियों के महंगे स्मार्टफोन शामिल हैं।
इसी तरह नर्मदापुरम जिले में विशेष अभियान चलाकर 147 मोबाइल फोन (कीमत 20 लाख रुपये से अधिक) बरामद किए गए,
रतलाम साइबर सेल द्वारा 100 मोबाइल (कीमत लगभग 20 लाख रुपये) ट्रेस कर उनके वास्तविक मालिकों के सुपुर्द किए गए।
सीधी जिले में “मिशन मिसिंग मोबाइल” के तहत थाना सेमरिया पुलिस ने 20 गुम मोबाइल (कीमत लगभग 2 लाख 77 हजार रुपये) बरामद कर संबंधित आवेदकों को लौटाए।
बड़वानी जिले के सेंधवा शहर थाना पुलिस द्वारा एक शातिर मोबाइल चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 08 मोबाइल फोन (कीमत लगभग 80 हजार रुपये) जप्त किए गए। इन समस्त कार्यवाहियों में CEIR पोर्टल, सिटीजन कॉप एप एवं साइबर सेल की तकनीकी जांच का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा