झाबुआः थांदला पुलिस ने शरारतियों का किया अच्छा इलाज; कान पकड़कर लगवाई ऊठक बैठक

 




झाबुआ, 03 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जनजातीय बाहुल्य झाबुआ जिले के अनुविभागीय मुख्यालय थान्दला में होली उत्सव की आड़ में हुड़दंग मचाकर गलत हरकत करने वाले शरारती तत्वों का बड़ा ही अच्छा इलाज किया है। थान्दला पुलिस ने ऐसे लोगों की क्लास लगाते हुए बीच बाज़ार में उनसे कान पकड़कर ऊठक बैठक लगवाई और कुबूल करवाया कि अब आगे से ऐसी कोई ग़लत हरकत नहीं करेंगे।

थान्दला में आज मंगलवार हाट बाजार का दिन होने, ओर साथ ही होली का त्यौहार होने से भीड़भाड़ कुछ ज्यादा ही थी, ऐसे में कुछ शरारती तत्वों ने रंग गुलाल के बहाने हुड़दंग मचाकर एवं गलत हरकतें करते हुए नगर की फिजा बिगाड़ने का प्रयास किया। हुड़दंग की सूचना मिलते ही थांदला पुलिस पहुंची, ओर होली की आड़ में हूडदंग मचाने एवं शरारत करने वाले तत्वों की जगह जगह क्लास लगानी शुरू कर दी। पुलिस ने सबको लाईन में खड़ा किया, ओर कान पकड़कर एवं अपनी ग़लती मंजूर करते हुए उठक बैठक लगवाई, साथ ही यह भी स्वीकार कराया कि अब आगे से वे इस तरह का कोई आपत्ति जनक कार्य नहीं करेंगे।

शरारती तत्वों की क्लास ले रहे एएसआई, थाना थांदला, शैलेन्द्र शुक्ला ने मंगलवार को कहा कि पुलिस ने होली उत्सव के बहाने नगर में हुड़दंग मचाने एवं अश्लील हरकत का प्रयास करने वाले युवकों को अपनी ग़लती का एहसास कराते हुए बीच बाज़ार में उठक बैठक लगवाई गई, और साथ ही उन्हें यह बात कुबूल करवाई गई कि अब आगे से वे ऐसी कोई हरकत नहीं करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. उमेश चंद्र शर्मा