पुलिस लाइन में होली का रंग, भोपाल में डीजीपी समेत अफसर झूमे, इंदौर-ग्वालियर में भी जश्न
भोपाल, 05 मार्च (हि.स.)। होली के बाद गुरुवार को मध्य प्रदेश के कई शहरों में पुलिसकर्मियों ने होली मिलन समारोह मनाया। राजधानी भोपाल के नेहरू नगर स्थित पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में डीजीपी कैलाश मकवाना, पुलिस कमिश्नर संजय कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और पुलिसकर्मी शामिल हुए। डीजे की धुन पर अफसरों और जवानों ने फिल्मी और होली गीतों पर जमकर डांस किया और एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर बधाई दी।
पुलिस लाइन में आयोजित समारोह में पारंपरिक रंग-गुलाल के साथ कीचड़ और मिट्टी की होली भी खेली गई। पुलिसकर्मी और उनके परिजन कीचड़ और मिट्टी में सराबोर नजर आए। आयोजन स्थल पर सभी के लिए भोजन और स्नैक्स की भी व्यवस्था की गई थी।
इंदौर में पुलिस कमिश्नर के बंगले पर होली मिलन
इंदौर में पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह के सरकारी आवास पर होली मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें शहर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और थाना प्रभारी शामिल हुए। कार्यक्रम के लिए अधिकारियों को सीमित समय दिया गया था। सूत्रों के मुताबिक कार्यक्रम के दौरान किसी भी अधिकारी को मोबाइल फोन अंदर ले जाने की अनुमति नहीं थी। वहीं अन्य पुलिस स्टाफ शहर में ड्यूटी पर तैनात रहा।
इधर क्राइम ब्रांच थाने में भी डीजे लगाकर पुलिसकर्मियों ने होली का जश्न मनाया और जमकर डांस किया। शहर के कई थानों में पुलिसकर्मियों ने आपस में रंग लगाकर त्योहार की खुशियां बांटी।
72 घंटे की ड्यूटी के बाद मनाया उत्सव
पुलिस अधिकारियों के अनुसार होलिका दहन से लेकर होली तक शहर में सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस ने लगातार करीब 72 घंटे तक ड्यूटी की थी। परंपरा के अनुसार पुलिसकर्मी होली के अगले दिन सामूहिक रूप से होली मिलन कार्यक्रम आयोजित करते हैं।
टीम वर्क और आपसी समन्वय बढ़ाने का प्रयास
एमपी नगर के सहायक पुलिस आयुक्त मनीष भारद्वाज ने बताया कि हर साल पुलिस लाइन में होली मिलन समारोह का आयोजन किया जाता है। इसका उद्देश्य पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच आपसी सौहार्द और टीमवर्क को मजबूत करना है। वहीं आरआई भोपाल जयसिंह तोमर ने कहा कि धुलेड़ी के बाद पुलिस का यह परंपरागत होली महोत्सव आयोजित किया जाता है, जिसमें वरिष्ठ अधिकारियों से लेकर थानों तक के सभी पुलिसकर्मी शामिल होते हैं।
ग्वालियर में भी पुलिस लाइन में मना उत्सव
ग्वालियर में भी पुलिस लाइन में होली मिलन समारोह आयोजित किया गया। यहां 72 घंटे की ड्यूटी पूरी करने के बाद पुलिस अधिकारियों और जवानों ने रंग-गुलाल के साथ जश्न मनाया और डीजे पर होली गीतों पर जमकर नृत्य किया। एसएसपी धर्मवीर सिंह ने समारोह की शुरुआत करते हुए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को होली की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद अफसरों और जवानों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर त्योहार मनाया।
कार्यक्रम के दौरान “रंग बरसे”, “होरी खेले रघुवीरा” और अन्य होली गीतों पर पुलिस अधिकारी और महिला पुलिसकर्मी भी थिरकते नजर आए। वहीं कुछ पुलिसकर्मियों ने ढोलक और हारमोनियम पर पारंपरिक होली गीत भी गाए, जिससे पूरे परिसर में उत्सव का माहौल बन गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे