एक साल से हत्या के प्रयास के मामले में फरार ईनामी आरोपी गिरफ्तार, छह आरोपियों को पहले ही पकड़ चुकी थी पुलिस

 


मंदसौर, 08 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर की सिटी कोतवाली पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में करीब एक साल से फरार चल रहे ईनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी की गिरफ्तारी मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई। इस मामले में पुलिस छह आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि सातवां आरोपी घटना के बाद से फरार था।

थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि 5 सितंबर 2025 को नयापुरा मंदसौर निवासी जावेद पिता जाकिर शाह की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली थाने में सात आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, जान से मारने की धमकी और गाली-गलौज सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने छह आरोपियों रफीक उस्ताद, सिद्दीक मेवाती, समीर उस्ताद मेवाती, सोहेल मेवाती, सेन मेवाती और हसनेन मेवाती को पूर्व में गिरफ्तार कर लिया था।

मामले का शेष आरोपी रशीद पिता मम्मू खां मेवाती, निवासी नयापुरा मंदसौर, घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक मंदसौर की ओर से इनाम की घोषणा भी की गई थी। पुलिस टीम आरोपी की तलाश में लगातार जुटी थी।

इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से आरोपी के संबंध में सूचना मिली। सूचना के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रशीद मेवाती को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी से प्रकरण के संबंध में पूछताछ कर रही है।

रेलवे स्टेशन के पास मिला 13 वर्षीय बालक, पुलिस ने माता-पिता को सौंपा

इधर, सिटी कोतवाली पुलिस ने परिजनों से बिछड़े 13 वर्षीय बालक को सुरक्षित उसके माता-पिता तक पहुंचाया। पुलिस की चीता मोबाइल टीम को सूचना मिली थी कि एक नाबालिग बालक रेलवे स्टेशन के आसपास अकेला घूम रहा है और परेशान नजर आ रहा है।

सूचना मिलने पर थाना कोतवाली की चीता-02 मोबाइल टीम ने एफआरवी वाहन को मौके पर बुलाकर आसपास तलाश की। बालक के परिजनों के मौके पर नहीं मिलने पर पुलिस ने उससे प्रारंभिक जानकारी ली। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने बालक के परिजनों से संपर्क किया, जो नेहतवाड़ा, थाना जावर, जिला सीहोर के निवासी बताए गए।

कुछ समय बाद बालक जिगर के पिता भारत और माता किरण मंदसौर सिटी कोतवाली पहुंचे। परिजनों ने पुलिस को बताया कि वे निजी काम से जावरा आए थे। इसी दौरान संभवतः बालक ट्रेन में बैठकर मंदसौर पहुंच गया।

पुलिस ने आवश्यक पूछताछ और पहचान की प्रक्रिया के बाद बालक को सकुशल उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया। साथ ही परिजनों को बालक की सुरक्षा और देखभाल के संबंध में समझाइश दी गई। पुलिस की तत्परता से बालक सुरक्षित अपने परिवार तक पहुंच सका।

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया