अनूपपुर: सड़क हादसों पर लगाम लगाने दिन-रात में दौड़ेंगी पुलिस की एफआरव्ही वाहन
अनूपपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में पिछले 10 दिनों के दौरान सड़क हादसों में करीब एक दर्जन लोगों की मौत और आधा दर्जन लोगों के घायल होने के बाद पुलिस ने दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए नई व्यवस्था लागू की है।
सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों को हादसों का प्रमुख कारण मानते हुए शुक्रवार से पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब ने सभी थाना क्षेत्रों और यातायात पुलिस को गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। अब थानों में संचालित एफआरव्ही (डायल-112) और अन्य पुलिस वाहन दिन-रात चार बार निर्धारित रूट पर गश्त करेंगे।
दिन-रात चार बार होगी पेट्रोलिंग
पुलिस अधीक्षक के आदेश के अनुसार, रात 11 से 12 बजे और सुबह 3 से 4 बजे गश्त करना अनिवार्य होगा। वहीं दिन में दोपहर 12 बजे और शाम 4 बजे भी पुलिस वाहन पेट्रोलिंग करेंगे। यह व्यवस्था जिले की सीमाओं से लेकर दूसरे जिलों और प्रदेश की सीमा से लगे अंतिम छोर तक लागू रहेगी।
सड़क और हाईवे से हटवाए जाएंगे खड़े वाहन
एसपी विक्रांत मुराब ने बताया कि रात्रिकालीन पेट्रोलिंग का मुख्य उद्देश्य सड़क और हाईवे पर खड़े वाहनों को हटवाना है। पुलिस ऐसे वाहनों को निर्धारित पार्किंग या सड़क से सुरक्षित दूरी पर खड़ा करवाएगी, ताकि जाम और हादसों की आशंका कम हो सके। खराब या दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के आसपास तत्काल ट्रैफिक कोन और रेडियम संकेतक भी लगवाए जाएंगे, जिससे पीछे से आने वाले वाहन चालक सतर्क हो सकें।
घटना मिलने पर मौके पर पहुंचेगी एफआरव्ही
पेट्रोलिंग के दौरान किसी घटना की सूचना मिलने पर संबंधित एफआरव्ही तत्काल मौके पर पहुंचेगी। पुलिस जरूरी सहायता उपलब्ध कराकर नियमानुसार कार्रवाई करेगी। इसके बाद इवेंट क्लोज कर वाहन दोबारा अपने निर्धारित रूट पर गश्त शुरू करेगा। वाहन हटाने की कार्रवाई के दौरान संबंधित वाहन चालक को सूचना देना या उसकी मदद से वाहन को हटवाना भी अनिवार्य किया गया है।
10 थानों के अनुसार एफआरव्ही वाहन का पेट्रोलिंग मार्ग
कोतवाली सांधा से किरर घाट, जैतहरी मोड़ से वेंकटनगर रोड, चचाई से बाकेली रोड, कोतमा से सांधा रोड, भालूमाड़ा से खूंटा टोला रोड, बिजुरी हाईवे से बिजुरी मोड़ तक, रामनगर से कोतमा रोड, किरर रोड से पोड़की रोड तक, करणपठार से राजेन्द्रग्राम, राजेन्द्रग्राम से सरई, सरई से चन्दनघाट एवं अमरकंटक से पोड़की रोड पर निगरानी होगी।
हर दिन देनी होगी कार्रवाई की जानकारी
पुलिस ने गश्त के दौरान की गई कार्रवाई की रोजाना जानकारी देने के निर्देश भी दिए हैं। इसमें सड़क से हटवाए गए वाहनों और चालानी कार्रवाई का ब्योरा शामिल रहेगा। इसी जानकारी के आधार पर हादसों और कार्रवाई की समीक्षा कर आगे की रणनीति बनाई जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला