सागरः सीहोरा में पुलिस चौकी के नए भवन का भूमि पूजन: मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने दी करोड़ों के विकास कार्यों की सौगात
सागर, 29 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने रविवार को सागर जिले के सुरखी विधानसभा क्षेत्र के सीहोरा में पुलिस चौकी के नवीन भवन का विधि-विधान से भूमि पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र की सुरक्षा और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।
भूमि पूजन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि किसी भी विकसित समाज की पहली शर्त शांति और सुरक्षा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि मजबूत और सुदृढ़ पुलिस व्यवस्था से ही सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने पुलिसकर्मियों के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि हमारे जवान अक्सर सीमित संसाधनों में भी दिन-रात जनता की सेवा करते हैं। भाजपा सरकार का लक्ष्य उन्हें आधुनिक तकनीक और बेहतर कार्यस्थल उपलब्ध कराना है ताकि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन और अधिक प्रभावी ढंग से कर सकें।
मंत्री राजपूत ने नागरिकों से आह्वान किया कि वे पुलिस को अपना मित्र समझें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में शासन-प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में भाजपा सरकार सुशासन और सुरक्षा के संकल्प के साथ निरंतर आगे बढ़ रही है। कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश सिन्हा, मंडल अध्यक्ष लोकमन लोधी, अरविंद सिंह ठाकुर, टिंकु राजा, रामकुमार यादव, बलराम तिवारी, राकेश दुबे सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे