जबलपुर : पदोन्नति के बाद 11 पुलिस अधिकारियों के कंधों पर सजे तीसरे सितारे

 


जबलपुर, 09 सितंबर (हि.स.)। पुलिस मुख्यालय भोपाल से जारी पदोन्नति आदेश के बाद जबलपुर पुलिस के 11 अधिकारियों को नई जिम्मेदारी मिली है। इनमें सूबेदार से रक्षित निरीक्षक के पद पर पदोन्नत तीन अधिकारी और उप निरीक्षक से निरीक्षक के पद पर पदोन्नत आठ अधिकारी शामिल हैं। पदोन्नति के बाद पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय ने बुधवार को अधिकारियों के कंधों पर तीसरा सितारा लगाकर उन्हें शुभकामनाएं दीं।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय में बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में सूबेदार से रक्षित निरीक्षक के पद पर पदोन्नत राहुल सिंह, रूमा तेकाम और रोशनी केशरवानी तथा उप निरीक्षक से निरीक्षक के पद पर पदोन्नत जागृति साहू, सोनल पाण्डे, संगीता चौधरी, आभा दुबे, हेमामल थापा, दीप्ति मरावी, शैलेन्द्र सिंह और दिनेश गौतम के कंधों पर तीसरा सितारा लगाया गया।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष जाखड़ , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय सूर्यकांत शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात अखिलेश तिवारी मौजूद रहे।

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने पदोन्नत अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने अब तक मेहनत और लगन से काम करते हुए अपने सेवा रिकॉर्ड को बेहतर बनाए रखा है। उन्होंने अधिकारियों से इसी कार्यशैली को आगे भी कायम रखते हुए विभाग और अपना नाम रोशन करने की अपेक्षा जताई।

उन्होंने कहा कि पदोन्नति के साथ अधिकारियों की जिम्मेदारियां भी बढ़ी हैं। अब तक हासिल किया गया अनुभव नई जिम्मेदारियों के निर्वहन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में सौंपी जाने वाली प्रत्येक जिम्मेदारी का सभी अधिकारी पूरी निष्ठा, जवाबदारी और कर्तव्यपरायणता के साथ निर्वहन करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक