सागरः जहरीली शराब कांड के पीड़ितों से मिले उप मुख्यमंत्री शुक्ल, सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश
सागर, 07 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने हाल ही में बंडा और शाहगढ़ क्षेत्र के विभिन्न गांवों का सोमवार को दौरा किया। वे ग्राम बमूरा भेड़ा, नौराज, गूगरा खुर्द, धुरमार और पापेट पहुंचे, जहां अवैध और जहरीली शराब के सेवन से हुए हादसे से प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। इस दौरान डिप्टी सीएम ने शोकाकुल और पीड़ित परिवारों से व्यक्तिगत रूप से मिलकर उनके प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।
प्रभावित परिवारों को ढांढस बंधाते हुए राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि संकट की इस कठिन घड़ी में राज्य सरकार पूरी तरह से पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रभावितों को शासन की ओर से हर संभव सहायता और उचित राहत राशि तत्काल प्रदान की जाएगी।
जहरीली और अवैध शराब के व्यापार पर कड़ा रुख अपनाते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि इस दुखद घटना के जिम्मेदार अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि इस अवैध कारोबार में शामिल सभी दोषियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे