रीवाः पोस्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी, ई मेल मिलते ही एलर्ट हुआ प्रशासन
रीवा, 27 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा जिला मुख्यालय स्थित मुख्य डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद शुक्रवार को शहर में हड़कंप मच गया। पोस्ट ऑफिस को भेजे गए एक धमकी भरे ई-मेल के बाद कर्मचारियों और अधिकारियों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
बताया जा रहा है कि पोस्ट ऑफिस को मिले ई-मेल में बम से उड़ाने की बात कही गई थी। सूचना क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, भोपाल से प्राप्त एक ई-मेल के अनुसार पोस्ट ऑफिस या पासपोर्ट ऑफिस पर हमले की आशंका जताई गई। ई-मेल में चेतावनी दी गई कि आज दोपहर 12:10 बजे किसी कार्यालय को सायनाइड गैस बम या आरडीएक्स विस्फोटक से निशाना बनाया जा सकता है। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए सभी संबंधित कार्यालयों को तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित करने के निर्देश दिए गएं साथ ही पोस्ट ऑफिस में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए कहा गयाै।
यह मेल मुख्य पोस्टमास्टर जनरल कार्यालय, मध्य प्रदेश सर्कल, भोपाल द्वारा जारी किया गया है, जिसमें सभी संबंधित अधिकारियों से सतर्कता और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है। सूचना मिलते ही अमहिया थाना प्रभारी शिवा अग्रवाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हालात की गंभीरता को देखते हुए बम स्क्वॉड को भी बुलाया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरे परिसर को घेर लिया और सर्चिंग अभियान शुरू किया।
बम स्क्वॉड और पुलिस टीम ने पोस्ट ऑफिस के हर हिस्से—कमरों, काउंटर, स्टोर और आसपास के क्षेत्र की बारीकी से जांच की। करीब कई घंटों तक चली सर्चिंग के बावजूद कोई संदिग्ध वस्तु या बम नहीं मिला। सर्चिंग में कुछ नहीं मिलने के बाद अधिकारियों और कर्मचारियों ने राहत की सांस ली, हालांकि एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था को कुछ समय तक कड़ा रखा गया। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी भरा ई-मेल कहां से भेजा गया। इसके लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है और तकनीकी आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी