चंदेरी में तकनीकी खराबी से ठप हुई पीएम श्री हेलीकॉप्टर सेवा, चार दिन से हेलीपैड पर खड़ा विमान
अशोकनगर, 16 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश की महत्वाकांक्षी पीएम श्री पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा तकनीकी बाधा के कारण अस्थायी रूप से प्रभावित हो गई है। भोपाल-चंदेरी-ओरछा पर्यटन सर्किट पर संचालित फ्लाई ओला कंपनी का हेलीकॉप्टर पिछले चार दिनों से चंदेरी हेलीपैड पर खड़ा है। तकनीकी खराबी आने के बाद सेवा बाधित हो गई है, जिससे निर्धारित उड़ानों और पर्यटकों की यात्रा योजनाओं पर असर पड़ा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हेलीकॉप्टर शनिवार को एक परीक्षण उड़ान के दौरान चंदेरी पहुंचा था। वापसी से पहले तकनीकी समस्या सामने आने पर पायलट ने सुरक्षा कारणों से उड़ान भरने से इंकार कर दिया। इसके बाद कंपनी के इंजीनियर भोपाल से चंदेरी पहुंचे और मरम्मत कार्य शुरू किया, लेकिन मंगलवार शाम तक समस्या पूरी तरह दूर नहीं हो सकी।
इस संबंध में चंदेरी एसडीएम मनीष धनगर ने बताया कि हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी आई है, जिसे दूर करने का कार्य जारी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि 20 जून से सेवा पुनः शुरू कर दी जाएगी।
यह हेलीकॉप्टर सेवा मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा संचालित की जा रही है, जिसके माध्यम से पर्यटकों को भोपाल, चंदेरी और ओरछा जैसे ऐतिहासिक एवं पर्यटन स्थलों तक हवाई यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। सेवा के बाधित होने से पहले कई पर्यटक इसका लाभ उठा चुके हैं, जबकि अग्रिम बुकिंग कराने वाले यात्रियों को फिलहाल इंतजार करना पड़ रहा है।
उल्लेखनीय है कि इस रूट पर पहले 6-सीटर हेलीकॉप्टर संचालित किया जाता था। बाद में यात्रियों को वातानुकूलित सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से फ्लाई ओला कंपनी का 4-सीटर एसी हेलीकॉप्टर लगाया गया। हालांकि हालिया तकनीकी समस्या के बाद सेवा की विश्वसनीयता और संचालन व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
पर्यटन और स्थानीय व्यापार से जुड़े लोगों का मानना है कि चंदेरी-ओरछा जैसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों पर बढ़ती मांग को देखते हुए अधिक क्षमता वाले हेलीकॉप्टरों की आवश्यकता है। उनका कहना है कि नियमित और भरोसेमंद हवाई सेवा से पर्यटन को और अधिक बढ़ावा मिल सकता है।
फिलहाल इंजीनियरों की टीम हेलीकॉप्टर को उड़ान योग्य बनाने में जुटी हुई है और प्रशासन को उम्मीद है कि निर्धारित समय के भीतर सेवा दोबारा शुरू हो जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार