पीथमपुर की प्लास्टिक बैग फैक्ट्री में भीषण आग, थिनर-पेंट के ड्रमों से भड़की लपटें, मजदूराें काे सुरक्षित निकाला

 


इंदाैर, 21 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदाैर जिले के पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित प्लास्टिक बैग निर्माण कंपनी फ्लेक्सी टफ टेक्नोलॉजी में गुरुवार सुबह भीषण आग लग गई। आग सुबह करीब 9:30 बजे कंपनी के स्क्रैप यार्ड में भड़की, जहां थिनर और पेंट के ड्रम रखे हुए थे। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे क्षेत्र में धुआं फैल गया।

घटना के समय कंपनी में 100 से अधिक मजदूर काम कर रहे थे। आग की सूचना मिलते ही सभी कर्मचारियों को तत्काल सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के घायल होने या हताहत होने की खबर नहीं है।

थिनर और प्लास्टिक सामग्री से तेजी से फैली आग

कंपनी के सेफ्टी ऑफिसर दीपक दुबे के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे यार्ड से हल्का धुआं उठता दिखाई दिया था। कर्मचारियों ने शुरुआती स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन यार्ड में रखे थिनर, पेंट और प्लास्टिक सामग्री के कारण आग तेजी से फैलने लगी। इसके बाद तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।

6 दमकल वाहन और फायर फाइटर्स मौके पर डटे

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए आसपास की कंपनियों से भी फायर वाहन बुलाए गए। फिलहाल छह दमकल वाहन और चार फायर फाइटर्स आग पर काबू पाने में जुटे हुए हैं। लगातार पानी का छिड़काव कर आग को कंपनी के अन्य हिस्सों में फैलने से रोका जा रहा है। दमकल अधिकारी सुमेर सिंह ने बताया कि आग को फिलहाल सीमित क्षेत्र में रोक लिया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

सुरक्षा संसाधनों पर उठे सवाल

पीथमपुर की सबसे पुरानी औद्योगिक इकाइयों में शामिल फ्लेक्सी टफ टेक्नोलॉजी में आग बुझाने के शुरुआती संसाधन पर्याप्त नहीं दिखाई दिए। ऐसे में औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

पुलिस बल तैनात, स्थिति नियंत्रण में

नगर पुलिस अधीक्षक रवि सोनेर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल टीम मौके पर पहुंच गई थी। एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे