अनूपपुर: अमरकंटक बस स्टैंड की बदहाली, गंदगी, सीलन, टूटे मार्ग और अंधेरे से जूझ रहे श्रद्धालु

 




अनूपपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में स्थित मां नर्मदा की उद्गम स्थली अमरकंटक का वैतरणी बस स्टैंड बदहाली का शिकार है। यहां आने वाले हजारों श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय यात्रियों को गंदगी, सीलन, टूटी सड़कों और अंधेरे के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लंबे समय से रखरखाव के अभाव में बस स्टैंड की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है।

बस स्टैंड परिसर में नियमित साफ-सफाई की कमी दिखाई देती है। जगह-जगह गंदगी और दुर्गंध फैली रहती है। निचले हिस्से में पानी का रिसाव होने से सीलन और काई जम गई है। इससे परिसर की स्वच्छता के साथ यात्रियों के सुरक्षित आवागमन को लेकर भी चिंता बनी हुई है।

परिसर की सड़कें जगह-जगह से टूटी हुई हैं। खिड़कियों और रोशनदानों में कांच नहीं होने के कारण बारिश के दौरान पानी अंदर पहुंच जाता है। इससे यात्रियों को परेशानी होती है और भवन की जर्जर स्थिति भी सामने आती है। पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं है। रात के समय अंधेरा रहने से सुरक्षा को लेकर सवाल उठते हैं। वहीं पंखों की समुचित व्यवस्था नहीं होने से यात्रियों को प्रतीक्षा के दौरान परेशानी होती है। परिसर में आवारा कुत्तों और अन्य जानवरों का बैठे रहना भी यात्रियों के लिए असुविधा का कारण बनता है।

कभी बेहतर यात्री सुविधाओं के लिए जाना जाता था

वैतरणी बस स्टैंड कभी अपनी सुव्यवस्थित बनावट और यात्री सुविधाओं के लिए जाना जाता था। इसका निर्माण तत्कालीन साडा ने केंद्र सरकार की हुडको योजना के तहत कराया था। अब रखरखाव के अभाव में इसकी स्थिति लगातार बिगड़ रही है, जिसका असर अमरकंटक की छवि पर भी पड़ रहा है।

दुकानों के शटर भी गलने लगे

बस स्टैंड के निचले हिस्से और अंदर बनी दुकानों की स्थिति भी चिंताजनक है। लंबे समय से देखरेख के अभाव में दुकानों के शटर गलने लगे हैं। भवन के अलग-अलग हिस्सों में जर्जरता और अव्यवस्था दिखाई देती है। इससे नियमित रखरखाव की जरूरत सामने आती है।

पर्यटकों के लिए महत्वपूर्ण प्रवेश केंद्र

अमरकंटक में मां नर्मदा के उद्गम स्थल के दर्शन के लिए वर्षभर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसके अलावा कपिलधारा, दूधधारा, सोनमुड़ा, माई की बगिया, कल्याणिका और ज्वालेश्वर सहित कई धार्मिक व प्राकृतिक पर्यटन स्थलों के कारण पर्यटकों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में वैतरणी बस स्टैंड नगर के महत्वपूर्ण प्रवेश द्वार के साथ यात्रियों के आवागमन का प्रमुख केंद्र भी है।

जल्द बनेगी सुधार की कार्ययोजना

सीएमओ चैन सिंह परस्ते ने बताया कि नगर की व्यवस्थाओं को लेकर जिला प्रशासन की बैठक हुई थी। जल्द ही वैतरणी बस स्टैंड के सुधार के लिए कार्ययोजना तैयार कर इसे व्यवस्थित किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला