राजगढ़ःतेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से पिकअप वाहन पलटा, चालक सुरक्षित

 


राजगढ़,1 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में शहर ब्यावरा थाना क्षेत्र के ग्राम चमारी जोड़ के पास मंगलवार शाम काे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने पिकअप को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पिकअप अनियंत्रित होकर सर्विस रोड पर पलट गया। हादसे में पिकअप चालक को कोई चोट नहीं आई और वह सुरक्षित बच गया।

जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन क्रमांक एमपी 39 जी 3285 ब्यावरा से सामान लेकर चमारी रोड होते हुए ग्राम सांडाहेड़ी जा रहा था। वाहन को नीलम पुत्र हरनाम सेन निवासी पिपरई बरखेड़ा, जिला अशोकनगर चला रहे थे। चालक के अनुसार चमारी जोड़ पर टर्न लेते समय पीछे से तेज गति से आ रहे अज्ञात वाहन ने पिकअप को टक्कर मार दी। इससे वाहन अनियंत्रित होकर सर्विस रोड पर पलट गया। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने मौके पर पहुंचकर पिकअप में फंसे चालक को बाहर निकाला। गनीमत रही कि हादसे में चालक को चोट नहीं आई। बताया जा रहा है कि चमारी जोड़ के समीप सर्विस रोड का निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माणाधीन सड़क और मौके की स्थिति के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस ने मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी शिवराज सिंह चाैहान ने बताया कि टक्कर मारने के बाद फरार हुए अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक