अनूपपुर: पिकअप ने बाइक सवार को कुचला, मौके पर मौत

 




अनूपपुर, 10 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर के चचाई थाना क्षेत्र अंतर्गत सी चौराहा शारदा मंदिर के पास बुधवार-गुरूवार की रात तेज रफ्तार की अज्ञात पिकअप वाहन ने सामने से आ रहे बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। घटना में बाइक सहित सड़क पर गिरे सवार के ऊपर वहां का पिछला पहिया सिर के ऊपर गुज़र गया, जिसमें बाइक सवार की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई।

सड़क से गुजर रहे लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मृतक की पहचान 31 वर्षीय राजेंद्र गुप्ता पुत्र सीताराम गुप्ता निवासी वार्ड क्रमांक 20 चचाई के रूप में की गई है। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर रात में ही जिला चिकित्सालय अनूपपुर भेजा, जहां गुरुवार की सुबह शव का पोस्टपमार्डम करा परिजनों को सौप कर जांच प्रारंभ कर पिकअप तलाश शुरू कर दी हैं।

मृतक के जीजा विक्की गुप्ता ने बताया कि राजेंद्र गुप्ता बुढार जिला शहडोल स्थित रिलायंस कंपनी में कर्मचारी थे, जो रात के समय अपनी ड्यूटी समाप्त कर घर वापसी कर रहे थे। अभी वह घर पहुंचने से 2 किलोमीटर दूर ही थे कि सी चौराहा से आगे और शारदा मंदिर के पास अनूपपुर से अमलाई की ओर जा रही किसी वाहन ने टक्कर मार दिया। जिस स्थल पर घटना हुई, वहां से मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में घटना कैद हो गई, जांच में अज्ञात वाहन एक पिकअप वाहन दिखाई दे रहा है। बताया जाता है कि मृतक राजेंद्र गुप्ता अपने परिवार में दो बहन और अकेला भाई था, जो परिवार का भरण पोषण का एकमात्र सहारा था। दोनों बहनों की शादी हो चुकी है। उसकी शादी सालभर पूर्व ही उमरिया जिला में हुई थी, उसका सालभर का एक बेटा है, जिसका जन्मदिवस 17 सितंबर को मनाया जाता, जो फिलहाल अपने पिता के साया से वंचित हो गया है।

चचाई थाना प्रभारी फूलवती अहिरवार ने बताया कि घटना के दौरान घर में कोई सदस्य नहीं होने के कारण सीसीटीवी फुटेज नहीं देखे जा सके थे, रात में पुलिस ने अन्य तीन चार स्थानों के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला गया है। परिजनों ने सुबह सीसीटीवी फुटेज देखा है, पुलिस टीम भी सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सम्बंधित वाहन तलाश कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला