मुरैना : ऑटो में सीएनजी भरने से मना किया तो पेट्रोल पंप कर्मचारी पर चलाई गोली

 




मुरैना, 5 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैशा जिले के जौरा थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एमएस रोड स्थित मित्तल पेट्रोल पंप पर सीएनजी भरने से मना करने को लेकर हुए विवाद ने अचानक गंभीर रूप ले लिया। एक ऑटो चालक युवक ने पेट्रोल पंप के कर्मचारी पर कथित रूप से कट्टे से फायर कर दिया। कर्मचारी के समय रहते झुक जाने से गोली उसे नहीं लगी और वह बाल-बाल बच गया। गोली पेट्रोल पंप के इलेक्ट्रिक पैनल में जाकर लगी। घटना के बाद पंप पर मौजूद कर्मचारियों और ग्राहकों में दहशत फैल गई। गोली चलाने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

एक्सपायरी सीएनजी प्लेट बताकर कर्मचारी ने किया था मना

मित्तल पेट्रोल पंप के संचालक विकास मित्तल के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 1 बजे देवा बघेल निवासी स्यारू अपना ऑटो लेकर सीएनजी भरवाने के लिए पेट्रोल पंप पर आया था। पंप कर्मचारी रानू शर्मा ने ऑटो की सीएनजी प्लेट एक्सपायरी होने की बात कहते हुए उसमें सीएनजी भरने से मना कर दिया। कर्मचारी ने यह भी बताया कि ऑटो चालक पर पहले से 350 रुपये बकाया हैं। सीएनजी नहीं भरने की बात को लेकर देवा बघेल कथित रूप से नाराज हो गया। आरोप है कि उसने कर्मचारी रानू शर्मा के साथ गाली-गलौज की और उसे जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वह वहां से चला गया।

डेढ़ घंटे बाद वापस आया, आते ही कर दिया फायर

बताया गया है कि करीब डेढ़ घंटे बाद दोपहर लगभग 2ः30 बजे देवा बघेल दोबारा पेट्रोल पंप पर पहुंचा। आरोप है कि पंप पर पहुंचते ही उसने रानू शर्मा को निशाना बनाते हुए कट्टे से फायर कर दिया। अचानक गोली चलने से पंप पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। रानू शर्मा ने गोली चलते ही झुककर अपनी जान बचाई। इसके चलते गोली उसके शरीर को नहीं लगी और वह बाल-बाल बच गया। कट्टे से निकली गोली पास में लगे इलेक्ट्रिक पैनल में जा लगी। इसके बाद आरोपी युवक हथियार लेकर मौके से फरार हो गया।

सीएनजी मशीन में गोली लगती तो हो सकता था बड़ा हादसा

पेट्रोल पंप संचालक विकास मित्तल ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि गोली यदि इलेक्ट्रिक पैनल के बजाय सीएनजी मशीन या किसी संवेदनशील हिस्से में लगती तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी। पेट्रोल पंप पर ज्वलनशील ईंधन और सीएनजी की मौजूदगी के कारण किसी भी प्रकार की लापरवाही बड़ा हादसा करा सकती थी। गोली चलने की घटना के बाद पेट्रोल पंप पर काफी देर तक दहशत का माहौल बना रहा। कर्मचारियों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।

व्यापारी भी पहुंचे थाने, आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग

घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय व्यापारी भी थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पंप कर्मचारी रानू शर्मा की रिपोर्ट पर पुलिस ने गोली चलाने वाले युवक के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की। जौरा थाना के इंचार्ज थाना प्रभारी पंकज यादव ने बताया कि कर्मचारी की रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया जा रहा है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है। घटना के बाद पुलिस द्वारा पेट्रोल पंप के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा