मध्य प्रदेश में पेट्रोल-डीजल 3 रुपये महंगा, भोपाल-इंदौर में पेट्रोल 109 रुपये के पार

 




भाेपाल, 15 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश में आम जनता को महंगाई का एक और बड़ा झटका लगा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरें आज शुक्रवार सुबह 6 बजे से लागू हो गई हैं।

राजधानी भोपाल और इंदौर समेत प्रदेश के प्रमुख शहरों में ईंधन के दाम बढ़ने से वाहन चालकों और आम उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि इसका असर अब परिवहन, मालभाड़ा और रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर भी देखने को मिल सकता है।

इंदौर में पेट्रोल 109.81 रुपये प्रति लीटर

इंदौर में पेट्रोल की कीमत बढ़कर 109.81 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है, जबकि डीजल अब 95.02 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं, स्पीड पेट्रोल की कीमत 119.56 रुपये प्रति लीटर हो गई है। इससे पहले शहर में पेट्रोल 106.58 रुपये और डीजल 91.97 रुपये प्रति लीटर मिल रहा था।

भोपाल में भी बढ़े दाम

भोपाल में पेट्रोल की कीमत 106.68 रुपये से बढ़कर 109.82 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं डीजल 91.87 रुपये से बढ़कर 94.98 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। प्रदेश के अन्य शहरों में भी इसी अनुपात में कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

महंगाई पर पड़ेगा सीधा असर

मप्र पेट्रोल-डीजल एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह वासु ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के चलते यह वृद्धि की गई है। उन्होंने कहा कि नई दरें शुक्रवार सुबह से प्रभावी हो चुकी हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, ईंधन महंगा होने से ट्रांसपोर्टेशन लागत बढ़ेगी, जिसका असर खाद्य सामग्री, किराना, सब्जियों और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर पड़ सकता है। इससे पहले ही महंगाई की मार झेल रही जनता पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

सरकार की ईंधन बचत की अपील

हाल के दिनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी नागरिकों से पेट्रोल-डीजल का सीमित उपयोग करने और अधिक से अधिक पब्लिक ट्रांसपोर्ट अपनाने की अपील की थी। वहीं मोहन यादव ने भी ईंधन बचत को लेकर सरकारी स्तर पर पहल करने की बात कही थी। तेल कंपनियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों और डॉलर के मुकाबले रुपये की स्थिति को देखते हुए आने वाले दिनों में कीमतों में और उतार-चढ़ाव संभव है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे