राजगढ़ः राखी से एक दिन पहले करंट लगने से इकलौते भाई की मौत, बहन का रो-रोकर बुरा हाल

 


राजगढ़, 27 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम भादाहेड़ी में गुरुवार को करंट लगने से 48 वर्षीय रोडमल भिलाला की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजन उसे बेसुध हालत में खिलचीपुर अस्पताल लेकर पहुंचे,जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा और मर्ग कायम कर मामले में जांच षुरु की।

पुलिस के अनुसार रोडमल दोपहर में खेत से चारा काटकर घर लौटा था। इसके बाद घर के बाहर पंखा चलाने के लिए बिजली का तार लगा रहा था। इसी दौरान अचानक वह करंट की चपेट में आ गया और बेसुध होकर गिर पड़ा। परिजन तत्काल उसे अस्पताल लेकर पहुंचे,लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। रोडमल की मौत की खबर सुनते ही उसकी बहन राधाबाई अस्पताल पहुंची और भाई को देखकर फूट-फूटकर रोने लगी। राधाबाई के लिए यह हादसा जिंदगीभर का दर्द बन गया। राखी से एक दिन पहले उसे उम्मीद थी कि अगले दिन वह अपने इकलौते भाई रोडमल की कलाई पर राखी बांधेगी, लेकिन अचानक हुए हादसे ने उसकी खुशियां मातम में बदल दीं। रोडमल खेती-किसानी करता था और पत्नी व दो बेटों के साथ रहता था। उसका एक बेटा पीथमपुर में निजी नौकरी करता है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक