राजगढ़ः कालीसिंध नदी में डूबने से 55 वर्षीय व्यक्ति की मौ

 


राजगढ़, 29 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर थाना क्षेत्र के ग्राम ब्यावरामांडू में सोमवार दोपहर कालीसिंध नदी में डूबने से 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद उसे नदी से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान कालूराम (55) पुत्र चुन्नीलाल गुर्जर निवासी ग्राम ब्यावरामांडू के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि कालूराम मानसिक रूप से अस्वस्थ था और अविवाहित था।

परिजनों ने बताया कि वह अक्सर बिना बताए घर से निकल जाता था। सोमवार को भी वह घर से चला गया। काफी तलाश करने के बाद ग्रामीणों ने उसे गांव के पास कालीसिंध नदी में बने गहरे गड्ढे में देखा। ग्रामीणों ने तत्काल उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपते हुए मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि कालूराम नदी तक कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में गहरे पानी में डूब गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक