राजगढ़ः पत्नी के विवाद से आहत 45 वर्षीय व्यक्ति ने खाया जहर, भोपाल ले जाते समय मौत
राजगढ़, 07 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। बगूची मोहल्ले में रहने वाले 45 वर्षीय व्यक्ति की जहरीले पदार्थ का सेवन करने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं मृतक की पत्नी की शिकायत पर एक युवक के खिलाफ दुष्कर्म का प्रकरण दर्ज कर हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा और मर्ग कायम कर मामले में जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार गुरुवार रात बगूची मोहल्ले निवासी व्यक्ति ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल नरसिंहगढ़ के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे भोपाल रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक अपनी पत्नी से जुड़े विवाद और कथित अवैध संबंधों की आशंका से मानसिक रूप से परेशान था। इसी बीच देर रात महिला की शिकायत पर बड़ा बाजार निवासी एक युवक के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ जारी है। मृतक अपने पीछे दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि व्यक्ति ने किन परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खाया, इसका वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। वहीं दुष्कर्म प्रकरण में भी पुलिस साक्ष्य जुटाकर सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक