उज्जैनः अब तीन माह में एक बार होगी एक मोबाइल नम्बर से भस्मार्ती अनुमति

 




उज्जैन, 22 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति को लगातार शिकायतें आ रही थी कि कतिपयों द्वारा अपने मोबाइल नम्बर से कथित दबाव/प्रभाव/सेटिंग का उपयोग करते हुए महाकाल की भस्मार्ती के लिए प्रवेश अनुमतियां जारी करवाई जा रही है। जांच करने पर मामला स्पष्ट हुआ तो मंदिर प्रबंध समिति ने एक्शन ले लिया। सूत्रों का दावा है कि ऐसी कतिपय अनुमतियां निरस्त कर दी गई और अब पुराने नियम को नये तौर पर सख्ती से लागू कर दिया गया है।

सोमवार को जानकारी देते हुए मंदिर प्रबंध समिति के प्रशसक प्रथम कौशिक ने बताया कि महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति पूर्व में ही यह नियम पारित कर चुकी थी कि किसी भी भक्त को एक ही मोबाइल नम्बर एवं आधार कार्ड के आधार पर तीन माह में एक बार भस्मार्ती की प्रवेश अनुमति जारी की जाएगी। ऐसा इसलिए किया गया था क्योंकि उस समय कुछ लोगों ने इसे आदत बना लिया था तथा अन्य भक्तों को मौका नहीं मिल पा रहा था। ऐसा भी हुआ कि कतिपय मोबाइल नम्बर से सप्ताह में तीन से चार बार बुकिंग हेतु आग्रह डाला जाता रहा और बुकिंग होती रही। देखने में आया कि संबंधित तो भस्मार्ती में आया नहीं और अन्य लोग जो आए,उनके मोबाइल नम्बर अलग ही थे। इस आधार पर यह निर्णय लिया गया कि-''अब एक ही मोबाइल नम्बर ओर आधार कार्डधारी को तीन माह में केवल एक बार भस्मार्ती दर्शन लाभ लेने की अनुमति दी जाएगी।

कौशिक ने बताया कि यह व्यवस्था प्रोटोकाल में भी लागू रहेगी। भले ही वीआयपी हो,एक ही मोबाइल नम्बर ओर आधार कार्डधारी को तीन माह के पूर्व अनुमति जारी नहीं करेंगे। चूंकि कम्प्यूटर में यह फीड है,ऐसे में अनुमति स्वमेव ही जारी नहीं होगी। उन्होने बताया कि आम श्रद्धालु साधारणतया ऐसा नहीं करते हैं। कुछ ही प्रतिशत भक्त हैं,जो किसी न किसी बहाने माह में दो से चार बार शामिल हो रहे हैं। ऐसे भी मामले हैं कि मोबाइल नम्बर जिनका उपयोग में आ रहा है,आधार कार्ड नम्बर किसी ओर का रहता है। इसप्रकार अब सख्ती होने पर सबकुछ बराबर हो जाएगा,तकनीकी समस्या भी समाप्त हो जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल