राजगढ़ः हर रविवार ‘थाना परिवार’ में योग-ध्यान के साथ अपराधों की समीक्षा
राजगढ़, 30 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में पुलिस बल की कार्यक्षमता, टीम भावना और जनसेवा को बेहतर बनाने के लिए पुलिस ने रविवार को सभी थाना, चौकी और पुलिस कार्यालयों में ‘हर रविवार थाना परिवार’ पहल के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गई।
यह कार्यक्रम पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना के निर्देश पर भोपाल देहात जोन की पुलिस महानिरीक्षक रुचिवर्धन मिश्र, डीआईजी भोपाल देहात रेंज राजेशसिंह चंदेल के मार्गदर्शन में एसपी अमित तोलानी के नेतृत्व में किया गया।
रविवार की शुरुआत थाना एवं पुलिस कार्यालयों में हार्टफुलनेस योग और ध्यान सत्र से हुई। पुलिसकर्मियों ने योग, प्राणायाम, रिलेक्सेशन और सामूहिक ध्यान किया। इस दौरान ‘ध्यान का अभ्यास’ पुस्तक का वाचन भी किया गया। पुलिसकर्मियों को तनावमुक्त कार्यशैली और सकारात्मक सोच के लिए नियमित योग-ध्यान को दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया।
एसपी अमित तोलानी ने नरसिंहगढ़ थाना स्टाफ के साथ योग-ध्यान किया। एएसपी केएल बंजारे ने कुरावर थाना स्टाफ के साथ सहभागिता की। एसडीओपी अरविंद राठौर ने कालीपीठ, एसडीओपी अरविंद सिंह ने सारंगपुर और एसडीओपी डीवीएस नागर ने भोजपुर थाने के स्टाफ के साथ गतिविधियों में हिस्सा लिया। ई-साक्ष्य से लेकर स्थाई वारंट तक की समीक्षा योग सत्र के बाद अधिकारियों ने थाना स्टाफ के साथ संवाद कर अपराध, मर्ग, चालान और लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। विवेचकों को लंबित मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा में 100 दिन से अधिक लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों, उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों,मर्ग डायरी, स्थाई वारंट, पोर्टल के लंबित कार्यों को प्राथमिकता दी गई। साइबर अपराध और डायल-112 पर भी फोकस अधिकारियों ने साइबर अपराधों में एसओपी के अनुसार कार्रवाई और डिजिटल साक्ष्यों के प्रभावी उपयोग पर जोर दिया। टैबलेट प्रशिक्षण के माध्यम से पुलिसकर्मियों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के निर्देश दिए गए। थाना परिसरों की साफ-सफाई, डायल-112 वाहनों के रखरखाव और पुलिसकर्मियों की हेल्थ प्रोफाइल व नियमित स्वास्थ्य परीक्षण की भी समीक्षा की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ‘हर रविवार-थाना परिवार’ पहल का उद्देश्य पुलिसकर्मियों के बीच संवाद, विश्वास और टीम भावना बढ़ाने के साथ नागरिकों को त्वरित एवं बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक