भोपालः पीसी शर्मा को दुपट्टे का टुकड़ा फाड़कर महिला ने बांधी राखी, पूर्व मंत्री ने बहनों को बांटी शक्कर

 




भोपाल, 27 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन के पर्व पर मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल में कांग्रेस का महंगाई के खिलाफ विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। रक्षा बंधन पर शक्कर की कमी और दाम बढ़ने के कारण कांग्रेस इसे राजनीतिक मुद्दा बनाकर बहनों से राखी बंधवाकर उन्हें शक्कर भेंट कर रही है। पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता पीसी शर्मा ने गुरुवार काे 1100 क्वार्टर स्थित अपने आवास पर महिलाओं से रक्षासूत्र बंधवाया और उन्हें शक्कर भेंट की।

इसी दौरान बाणगंगा क्षेत्र से पहुंची एक महिला ने अपने दुपट्टे का कोना फाड़कर उसका रक्षासूत्र बनाया और पीसी शर्मा की कलाई पर बांध दिया।

महिला ने राखी बांधते हुए बताया कि बारिश के कारण उसके घर का पूरा सामान बह गया। आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वह राखी नहीं खरीद सकी। उसे जानकारी मिली कि पीसी शर्मा रक्षाबंधन पर महिलाओं से राखी बंधवा रहे हैं, इसलिए वह बारिश के बीच यहां पहुंची। उसने दुपट्टे का एक हिस्सा फाड़कर उसे राखी के रूप में पीसी शर्मा की कलाई पर बांधा और कहा कि वह भाई के रूप में उसकी रक्षा करें। इस दौरान महिला भावुक हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे संभाला। घटना ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान खींचा।

यह शक्कर की नहीं, महंगाई के दर्द की राजनीति

पीसी शर्मा ने कहा कि यह शक्कर की राजनीति नहीं, बल्कि महंगाई के दर्द को सामने लाने का प्रयास है। उन्होंने दावा किया कि शक्कर के दाम बढ़ने से रक्षाबंधन जैसे त्योहार पर भी आम परिवारों का बजट प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि पहले बहनें राखी पर घर में मिठाई और पकवान बनाती थीं, लेकिन महंगाई के कारण अब कई परिवारों के लिए यह मुश्किल हो गया है।

उन्होंने भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता में बैठे लोगों को आम परिवारों की आर्थिक परेशानियों का अंदाजा नहीं है। कैलाश विजयवर्गीय के शक्कर के दामों को लेकर दिए गए बयान का जिक्र करते हुए शर्मा ने कहा कि सरकार को महंगाई से राहत देने के प्रयास करने चाहिए, न कि बढ़ती कीमतों को लेकर ऐसे बयान देने चाहिए।

पीसी शर्मा ने कहा कि रक्षाबंधन पर महिलाओं को गुलाब का फूल और शक्कर भेंट की गई है, ताकि वे घर जाकर त्योहार के पकवान बना सकें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस महंगाई के मुद्दे पर सरकार के खिलाफ लगातार आवाज उठाती रहेगी।

कोलार में प्याज की माला पहनकर प्रदर्शन

इधर, भोपाल के कोलार क्षेत्र में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और नेताओं ने गले में प्याज की मालाएं पहनकर विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान लोगों को शक्कर खिलाकर बढ़ती महंगाई पर तंज भी कसा गया।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि महंगाई का सीधा असर आम लोगों की रसोई के बजट पर पड़ रहा है। सब्जियों और रोजमर्रा की जरूरतों की बढ़ती कीमतों से परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण और आम लोगों को राहत देने की मांग की। प्रदर्शन में कांग्रेस शहर अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना, प्रदेश प्रवक्ता अभिनव बरोलिया, महिला कांग्रेस नेत्री महक राणा समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे