अनूपपुर: पटवारियों की हड़ताल 16 दिन बाद खत्म, प्रशासन ने मानी मांगें
अनूपपुर, 27 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में पिछले 16 दिनों से चली आ रही पटवारियों की कलमबंद हड़ताल शुक्रवार को खत्म हो गई। जिला प्रशासन और पटवारी संघ के बीच हुई लंबी चर्चा के बाद प्रशासन ने उनकी प्रमुख मांगों को मान लिया है, जिसके बाद पटवारियों ने काम पर लौटने का फैसला किया।
यह आंदोलन तब और बड़ा हो गया जब अनूपपुर की सड़कों पर प्रदेशभर के पटवारी जुट गए। शहडोल, उमरिया, जबलपुर और दमोह समेत कई जिलों से आए पटवारियों ने सामतपुर तालाब से कलेक्ट्रेट तक रैली निकाली और घेराव किया। कलेक्ट्रेट गेट पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस भी हुई। पटवारी किसी भी अधिकारी के बजाय सीधे कलेक्टर से बात करने की मांग पर अड़े रहें।
कलेक्टर हर्षल पंचोली ने पटवारी संघ के 8 सदस्यीय दल के साथ अपने केबिन में घंटों लंबी बैठक की। इस चर्चा के बाद कलेक्टर ने हाल ही में निलंबित किए गए 9 पटवारियों को बहाल करने और रुके हुए वेतन को जारी करने की मांग स्वीकार कर ली। प्रशासन ने इन आदेशों को औपचारिक रूप से जारी करने के लिए समय मांगा है।
पटवारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष उपेंद्र सिंह बघेल ने कलेक्टर के आश्वासन पर भरोसा जताते हुए हड़ताल खत्म करने का एलान किया। उन्होंने यह भी साफ किया कि जब तक बहाली और अन्य मांगों के लिखित आदेश की कॉपी नहीं मिल जाती, पटवारी कलेक्ट्रेट परिसर में ही इंतजार करेंगे। इससे पहले तक प्रशासन और पटवारियों के बीच गतिरोध बना हुआ था, जो अब सुलझता नजर आ रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला