सागर : पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू, राजस्व सेवाओं पर पड़ सकता है असर
सागर, 06 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश पटवारी संघ के आह्वान पर प्रदेशभर में पटवारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। सागर जिले में भी पटवारी धरने पर बैठ गए हैं। संघ का कहना है कि शासन स्तर पर मांगों के संबंध में ठोस निर्णय होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
पटवारी संघ के जिला पदाधिकारियों के अनुसार, लंबे समय से संवर्ग से जुड़ी विभिन्न मांगें लंबित हैं। इनमें कैडर रिव्यू को शीघ्र लागू करना, समय पर पदोन्नति और समयमान वेतनमान का लाभ देना, नायब तहसीलदार पद के लिए लंबित विभागीय परीक्षा आयोजित करना, स्थानांतरण नीति के विपरीत किए गए संघ पदाधिकारियों के तबादलों को निरस्त करना तथा सेवा एवं वेतन संबंधी अन्य विसंगतियों का निराकरण प्रमुख रूप से शामिल हैं।
संघ के प्रतिनिधियों का कहना है कि पूर्व में मुख्यमंत्री के साथ हुई चर्चा के दौरान पटवारियों की समस्याओं के समाधान के लिए राज्यस्तरीय महाधिवेशन आयोजित करने का आश्वासन दिया गया था। उनका आरोप है कि अब तक न तो महाधिवेशन की तिथि घोषित की गई है और न ही मांगों के संबंध में कोई औपचारिक आदेश जारी किया गया है। इससे पटवारी संवर्ग में असंतोष बढ़ा है।
पटवारी संघ ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन जारी रहेगा। संघ ने शासन से जल्द वार्ता शुरू कर सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की है।
हड़ताल के चलते प्रदेश में राजस्व विभाग से जुड़े कई कार्य प्रभावित होने की संभावना है। नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, जाति एवं आय प्रमाण-पत्रों का सत्यापन, किसान सम्मान निधि सहित अन्य राजस्व संबंधी सेवाओं पर इसका असर पड़ सकता है, जिससे आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे