अनूपपुर: पटवारी संघ की कलम बंद हड़ताल 12वें दिन भी जारी रही, सोमवार को सौंपेंगे सामूहिक इस्तीफा
अनूपपुर, 22 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में पटवारी संघ ने अपनी मांगों और लंबित वेतन को लेकर कड़ा रुख अपने हुए सोमवार को सामूहिक इस्तीफा कलेक्टर हर्षल पंचोली को सौंपेंगे। साथ ही मध्य प्रदेश के पटवारी समर्थन में अपने काम को बंद रखेंगे।
संघ ने चेतावनी देते हुए कहां कि यदि 25 फरवरी तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो 26 फरवरी से माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में कलेक्टर प्रतिनिधि के रूप में दी जा रही सेवाओं का बहिष्कार करेंगे। ज्ञात हो कि पटवारी संघ की हड़ताल का रविवार को 12 दिन है।
वेतन सहित अन्य् मांगों को को लेकर पिछले 12 दिनों से पटवारी संघ कलमबंद हड़ताल पर हैं। जिससे आर्थिक संकट बन गया हैं। जिलाध्यक्ष चेतन सिंह मरावी ने बताया कि सोमवार को सभी पटवारी सामूहिक इस्तीफा कलेक्टर हर्षल पंचोली को सौंपेंगे। इसके पूर्व मुख्य सचिव, राजस्व विभाग और शिक्षा विभाग को पत्र भेजा गया है। पत्र में बताया गया है कि वेतन के अभाव में पटवारियों को राशन खरीदने, बच्चों की फीस जमा करने और बैंक की किश्त चुकाने में परेशानी हो रही है। कई पटवारियों के पास परीक्षा केंद्रों तक जाने के लिए वाहनों में ईंधन भराने तक के पैसे नहीं बचे हैं।
पटवारियों का कहना है कि हड़ताल पर होने के बावजूद छात्र हित को देखते हुए वे अब तक कलेक्टर प्रतिनिधि की जिम्मेदारी निभा रहे थे। लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं होने के कारण अब काम जारी रखना मुश्किल हो गया है। उन्होने आरोप लगाया कि 12 दिन के बाद भी प्रशासन ने बातचीत या समाधान की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला