चंदेरी में 50 बिस्तर सिविल अस्पताल निर्माण की राह साफ, जनपद और कृषि विभाग कार्यालय हुए शिफ्ट
चंदेरी, 23 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले के चंदेरी में लंबे इंतजार के बाद 50 बिस्तर सिविल अस्पताल के उन्नयन की प्रक्रिया अब गति पकड़ती नजर आ रही है। वर्ष 2019 में स्वीकृत अस्पताल निर्माण के लिए वर्तमान अस्पताल परिसर को ही चुना गया है। इसके लिए प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं और अस्पताल परिसर में आने वाले अन्य कार्यालयों को दूसरी जगह स्थानांतरित किया जा रहा है।
क्षेत्रीय सांसद एवं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा पिछले दिनों अशोकनगर प्रवास के दौरान चंदेरी अस्पताल का निर्माण वर्तमान परिसर में ही कराने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद कलेक्टर अशोकनगर ने प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए संबंधित विभागों को शिफ्ट करने के निर्देश जारी किए।
इसी क्रम में जनपद पंचायत चंदेरी कार्यालय को मुंगावली रोड स्थित बीएसएनएल कार्यालय के पास छात्रावास भवन में स्थानांतरित किया गया है, जबकि कृषि विभाग कार्यालय को राजघाट रोड स्थित कुमकुम तलैया के पास बीआरसी भवन में शिफ्ट किया गया है। इसके अलावा अस्पताल परिसर और डेनिडा कॉलोनी के आवासीय क्वार्टर खाली कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
चंदेरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को 30 बिस्तर से बढ़ाकर 50 बिस्तर सिविल अस्पताल में उन्नयन करने की स्वीकृति वर्ष 2019 में मध्यप्रदेश स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा दी गई थी। इसके लिए वर्ष 2023 में 11 करोड़ 34 लाख रुपये की राशि भी जारी की गई थी। हालांकि स्थान चयन को लेकर लंबे समय तक प्रक्रिया अटकी रही। अब वर्तमान अस्पताल परिसर में निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।
अस्पताल के उन्नयन के साथ ही स्थानीय नागरिकों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों के रिक्त पदों को भरने की मांग भी उठाई है। लोगों का कहना है कि 50 बिस्तर अस्पताल बनने के बाद यहां निश्चेतना विशेषज्ञ, शल्य क्रिया विशेषज्ञ, औषधि विशेषज्ञ सहित अन्य विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति जरूरी है।
वर्तमान में अस्पताल में प्रसूति रोग एवं शिशु रोग से जुड़े चिकित्सक सेवाएं दे रहे हैं, जबकि कुछ डॉक्टर वैकल्पिक व्यवस्था के तहत कार्यरत हैं। लेकिन शासन द्वारा स्वीकृत विशेषज्ञ चिकित्सकों के कई पद अभी भी खाली हैं।
स्थानीय नागरिकों, अभिभाषक संघ, मीडिया प्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने अस्पताल निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ने पर प्रसन्नता जताते हुए मांग की है कि चंदेरी जैसे पर्यटन क्षेत्र और आसपास के ग्रामीण इलाकों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जल्द से जल्द विशेषज्ञ चिकित्सकों की पदस्थापना की जाए।
एसडीएम चंदेरी कार्यालय के अनुसार अस्पताल उन्नयन कार्य के लिए आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। कुछ अनापत्ति प्रमाण पत्र की प्रक्रिया शेष है, जिसके बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार/निर्मल विश्वकर्मा
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा