कटनी में बेकाबू होकर पलटी यात्री बस, 16 साल की किशोरी की मौत, 22 से ज्यादा घायल

 


कटनी, 10 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के कटनी जिले के विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र में शनिवार को एक यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। बंजारी के पास हुए इस हादसे में 16 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई, जबकि 22 से अधिक यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव कार्य में मदद की। सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं।

पुलिस के मुताबिक, बस रजा ट्रेवल सर्विस की थी। हादसे में पिपरा गांव निवासी शिवानी लोधी (16), पुत्री संतोष लोधी, गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही विजयराघवगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया। इसके बाद एंबुलेंस से उन्हें विजयराघवगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। घायलों का इलाज जारी है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को जिला अस्पताल रेफर करने की तैयारी की जा रही है।

बस पलटने के कारणों की जांच

विजयराघवगढ़ थाना प्रभारी अभिषेक चौबे के अनुसार, हादसे में 22 से अधिक यात्री घायल हुए हैं। बस किस वजह से अनियंत्रित होकर पलटी, इसका फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे