इंदौर-उज्जैन रोड पर यात्री बस अनियंत्रित होकर पलटी, 20 यात्री घायल

 


उज्जैन, 28 जून (हि.स.) । इंदौर से उज्जैन जा रही सपना ट्रैवल्स की बस शनिवार-रविवार दरमियानी रात तपोभूमि के पास तेज बारिश में अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें 20 यात्री घायल हो गए। घायलों के मुताबिक ड्राइवर मोबाइल पर बात कर रहा था और नशे में था। बस में क्षमता से अधिक लोग सवार थे। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा नानाखेड़ा थाना क्षेत्र के तपोभूमि के पास रात करीब 1 से 1:30 बजे के बीच हुआ, जब बस इंदौर बस स्टैंड से रवाना होकर उज्जैन के नानाखेड़ा बस स्टैंड की ओर जा रही थी। बस पलटते ही भीतर चीख-पुकार मच गई और कई यात्री सीटों के नीचे दब गए। इस दौरान आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने गजब की मुस्तैदी दिखाई और बस के शीशे तोड़कर घायलों को बाहर निकालना शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस की टीमें भी मौके पर पहुंच गईं और सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।

हादसे में कुल 20 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 6 यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं। इन सभी गंभीर घायलों को जिला अस्पताल के चरक भवन में भर्ती कराया गया है, जबकि मामूली रूप से चोटिल अन्य यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। डॉक्टरों के अनुसार, अस्पताल में भर्ती सभी लोगों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। घायलों में से कई लोग इंदौर में एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। इनमें ग्वालियर निवासी 54 वर्षीय गोविंद अग्रवाल और उनका 25 वर्षीय बेटा सुधीर अग्रवाल, इंदौर के विजयनगर की रहने वाली 15 वर्षीय खुशी तिवारी, उज्जैन की साईं धाम कॉलोनी निवासी 32 वर्षीय वंदना खत्री और उनका 10 वर्षीय बेटा वंश खत्री, तथा जीवनखेड़ी निवासी हरदीप पिता अर्जुन शामिल हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों और बस में सवार यात्रियों ने ड्राइवर पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। यात्रियों का कहना है कि हादसे के समय तेज बारिश हो रही थी और बस में क्षमता से कहीं अधिक लोग सवार थे, जिसके कारण कई यात्री खड़े होकर सफर करने को मजबूर थे। इस खराब मौसम और ओवरलोडिंग के बीच ड्राइवर लगातार मोबाइल फोन पर बात कर रहा था और कुछ यात्रियों ने उसके शराब के नशे में होने का दावा भी किया है। इसी घोर लापरवाही के चलते बस अचानक बेकाबू हुई और डिवाइडर पर चढ़कर पलट गई।

घटना के बाद नानाखेड़ा थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को अपने कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में भी ड्राइवर की लापरवाही ही इस बड़े हादसे का मुख्य कारण बनकर सामने आ रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों द्वारा लगाए गए नशे और मोबाइल पर बात करने के आरोपों को गंभीरता से लिया जा रहा है। ड्राइवर की मेडिकल रिपोर्ट, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और तकनीकी टीम की जांच के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत