भोपाल-इंदौर हाईवे पर हादसा, पेड़ से टकराई यात्री बस, हेल्पर की मौत

 


आष्टा, 28 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीहाेर जिले के आष्टा में भोपाल-इंदौर हाईवे पर मंगलवार सुबह एक यात्री बस के पेड़ से टकरा गई। दुर्घटना में बस के हेल्पर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार करीब 30 यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं। घटना पार्वती थाना क्षेत्र के कचनारिया जोड़ के पास सुबह करीब 8 बजे हुई।

पार्वती थाना पुलिस के अनुसार, अहमदाबाद से भोपाल आ रही वर्मा ट्रेवल्स की बस आष्टा से लगभग 10 किलोमीटर दूर अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बस के हेल्पर शाजापुर जिले के पोलाई कला निवासी 35 वर्षीय सुनील मुकाती की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद उनका शव केबिन में बुरी तरह फंस गया, जिसे कटर की मदद से केबिन काटकर बाहर निकाला गया। मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस और पुलिस टीम ने शव को पोस्टमार्टम के लिए आष्टा सिविल अस्पताल भेजा।

बस चालक रामचंद्र पटेल के अनुसार, रास्ते में अचानक एक गाय सामने आ गई। उसे बचाने के प्रयास में उन्होंने ब्रेक लगाया, जिससे बस का टायर फट गया और वाहन अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया। चालक ने कहा कि वह क्षण बेहद भयावह था और उन्हें लगा जैसे मौत सामने खड़ी हो, लेकिन वे सुरक्षित बच निकले। आष्टा थाना पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में गाय को बचाने के प्रयास और टायर फटने को हादसे की वजह माना जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच जारी है। इस हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, जिसे पुलिस ने संभालते हुए यातायात सामान्य कराया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे