कार्यकर्ताओं की जनसमस्याएं सुनने भाजपा कार्यालय पहुंचे मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश

 


भोपाल, 03 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी जनसमस्याएं और सुझाव सुने। उन्होंने कार्यकर्ताओं द्वारा रखे गए प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से चर्चा की और समस्याओं के प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि कार्यकर्ताओं के माध्यम से प्राप्त प्रत्येक जनसमस्या का परीक्षण कर उसके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जिन मामलों में संबंधित विभागों की कार्रवाई आवश्यक थी, उन्हें शीघ्र निराकरण के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनहित से जुड़े मामलों के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। आमजन की समस्याओं का निराकरण कर उन्हें शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ दिलाना सरकार की प्राथमिकता है। यह कार्य मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में संगठन द्वारा प्राथमिकता से किया जा रहा है। इस दौरान भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा भी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे